मेरठ(हि.स.)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्राद्योगिकी विश्वविद्यालय में डीन वेटरनरी प्रो. राजबीर सिंह पर जानलेवा हमले की आरोपित महिला प्रोफेसर अभी तक फरार है। उधर आरोपित प्रो.आरती भटेले ने विश्विद्यालय को ई-मेल भेजकर दो दिन की छुट्टी मांगी है।
11 मार्च को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डीन डॉ. राजबीर सिंह पर बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां बरसाई थीं। डीन का एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस ने सोमवार को डीन पर जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करके तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इस हमले की साजिश विवि की महिला प्रोफेसर आरती भटेले ने अपने मित्र अनिल बालियान के साथ मिलकर रची थी। उसी समय से आरती भटेले फरार है। वह विवि से 22 मार्च तक की छुट्टी लेकर गई हुई है।
पुलिस का कहना है कि खुद को डीन बनवाने के लिए ही आरती भटेले ने राजवीर सिंह की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस उसकी तलाश में मध्य प्रदेश गई हुई है। उधर आरती भटेले ने विवि प्रबंधन को ईमेल भेजकर अपनी छुट्टी दो दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। विवि के कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने स्वीकार किया कि आरती भटेले ने दो दिन और अवकाश बढ़ाने के लिए ई-मेल भेजी है। पुलिस की जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप
