बांदा(हि.स.)। जिले के ओरन कस्बे का रहने वाला युवक बदौसा के शाहपुर सानी गांव में दाहिनवारा कार्यक्रम में डीजे बजाने गया था। जहां करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर सानी गांव में शुक्रवार को तड़के हुई।
जिले के ओरन कस्बा निवासी छोटू (22)पुत्र मोतीलाल बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर सानी गांव में बाबू यादव के घर में गुरुवार को आयोजित दाहिनवारा कार्यक्रम में डीजे बजाने गया था। रात को अचानक कोहरा पड़ने से डीजे मशीन पर ओस पडने लगी। मशीन को कोहरे से बचाने के लिए छोटू पॉलिथीन लेकर डीजे पर चढ़कर ढकने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक करंट से बुरी तरह झुलस गया। उसे उपचार के लिए बाबू यादव के परिजन जिला अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
इस बारे में क्षेत्राधिकारी नगर गवेद्र पाल गौतम ने बताया कि छोटू डीजे बजाने के लिए शाहपुर सानी गांव गया था। जहां शुक्रवार को तड़के लगभग 3 बजे जब वह डीजे को पाॅलिथीन से ढक रहा था, तभी करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अनिल/सियाराम
