फर्रुखाबाद (हि.स.)। जिला जेल में हुए ववाल के दौरान हुई बन्दी की मौत के बाद सोमवार को डीजी जेल एवं कानपुर मंडल के कमिश्नर ने जिला जेल का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्तेजित परिजनों को शांत कराकर मृत बंदी शिवम के शव का दाह संस्कार करवाया दिया। पुलिस ने रात में ही शिवम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। डॉ शिव कुमार डॉ योगेंद्र सिंह एवं डॉ अनुराग वर्मा के पैनल ने मध्य रात में शव का पोस्टमार्टम किया।
इस दौरान वीडियोग्राफी कराई गई। शिवम की कमर के बायी ओर बुलेट निकला है। रात में शिवम का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया सुबह परिजनों ने जेल अधिकारियों पर शिवम को गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया। एसडीएम अमृतपुर, एसडीएम सदर, सीओ अमृतपुर, थानाध्यक्ष ने परिजनों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत कराया।
सीओ अजेय कुमार ने भड़ोसा दिलाया कि दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने रामगंगा पुल के नीचे शिवम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शिवम के पिता के दोस्त ने आरोप लगाया कि अब जेल में भी कोई व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। उन्होंने जेल अधिकारियों पर ही शिवम की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पुलिस को ऐसा ही करना है तो जेल में बंद सभी लोगों को गोली मार देनी चाहिए। मुकदमा नहीं चलाना चाहिए।
कानपुर मंडल के कमिश्नर राजशेखर एवं आईजी बीती रात करीब 09 बजे जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम एसपी के साथ रात करीब 01 बजे तक जिला जेल का व्यापक निरीक्षण कर स्थिति के बारे में जानकारी की। कमिश्नर राजशेखर ने रात में ही बताया कि स्थानीय अधिकारी जेल की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हैं। वरीयता के आधार पर जेल में शांति व्यवस्था कायम की गई है।
अब कोई दिक्कत नहीं है। घटना की जानकारी शासन को दी गई है। आज दोपहर बाद बाद जेल विभाग के डीजी आनंद कुमार अन्य जेल अधीक्षक के साथ जिला कारागार फतेहगढ़ पहुंचे। उन्होंने आईजी, कमिश्नर, एसपी, डीएम के साथ जेल का व्यापक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
