प्रयागराज (हि.स.)। जिलाधिकारी ने राम दल वाले मार्गों पर साफ सफाई, विद्युत के तारों एवं सड़कों की मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल ठीक कराये जाने का निर्देश दिया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेले को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने दशहरा एवं दुर्गापूजा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत बुधवार रामलीला कमेटी कटरा, पथरचट्टी-रामबाग एवं पजावा-अतरसुईया, पंडालों सहित विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने दल निकलने वाले मार्गों पर साफ-सफाई, विद्युत के तारों की मरम्मत-बदले जाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने पीडब्लूडी एवं नगर निगम के अधिकारियों को दल वाले मार्गों का निरीक्षण कर जहां कहीं पर भी गड्ढ़े इत्यादि हो, उसे तत्काल ठीक कराये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने फायर बिग्रेड के अधिकारियों को सभी पण्डालों में फायर सेफ्टी उपकरण तथा बालू आदि रखने तथा प्रशिक्षण दिए जाने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेले को सकुशल रूप से सम्पन्न कराये जाने के लिए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर एडीएम सिटी मदन कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विद्या कान्त
