बरेली (हि स.)। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने रामगंगा घाट पर ‘गंगा उत्सव-नदी उत्सव‘ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये जिसमें श्रमदान व घाट की सफाई भी शामिल है।
जिलाधिकारी ने श्रमदान कर घाट की सफाई में भाग लिया। घाट के सफाई कार्य में रामगंगा मित्र, नेहरू युवा केन्द्र, स्कूली बच्चों व स्थानीय जन समुदाय एवं उपस्थित कर्मियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा चित्रकला, नदी व पर्यावरण पर आधारित क्विज, वन, पर्यावरण से संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने घाट पर रामगंगा नदी के विषय पर डब्लूडब्लूएफ इण्डिया द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा रामगंगा नदी के विषय में जानकारी प्राप्त की गयी। प्रभागीय वनाधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिला गंगा समिति के माध्यम से उक्त कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य नदियों को प्रदूषण मुक्त रखना एवं पुर्नजीवित करना है। इसी क्रम में डब्लूडब्लूएफ इण्डिया द्वारा रामगंगा नदी के उद्गम स्थल से लेकर गंगा नदी में मिलने तक के सम्बन्ध में आवश्यक व महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी।
डब्लूडब्लूएफ इण्डियाकी ओर से बताया कि उनकी टीम द्वारा जनपद बरेली में रामगंगा नदी के आस-पास के ग्रामों में तालाबों का सर्वे किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जनपद में अरिल नदी को पुर्नजीवित करने हेतु समस्त सम्बन्धित विभागों के साथ जनता को जोड़ते हुये काम करने की अपेक्षा की तथा जल संरक्षण के विषय में आवश्यक व महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। इसके अतिरिक्त तालाबों का पुर्नजीवन नदियों के लिये किस प्रकार महत्वपूर्ण है, इसके सम्बन्ध में भी जानकारी प्रदान की गयी।
उक्त कार्यक्रम के उपरान्त सेंट एन्ड्रयूज स्कूल, चौबारी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के मध्य रामगंगा नदी पर चित्रकला व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तत्पश्चात नेहरू युवा केन्द्र के बच्चों द्वारा नमामि गंगे पर रंगोली सजाई गयी। उक्त के क्रम में 2 नवम्बर को सांकेतिक वृक्षारोपण तथा 3 नवम्बर को चौबारी घाट पर सांय 5 बजे 1001 दिये जलाकर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में जिला गंगा समिति के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख क्यारा, ग्राम प्रधान चौबारी, नमामि गंगे से नामित पर्यवेक्षक शेफाली, wwf-India के डा. मो. आलम व नेहा भटनागर, रोहित सिंह क्षेत्रीय अधिकारी, शशि बिन्दकर सहायक पर्यावरण अभियंता, एस.के. अमरेश, उप प्रभागीय वनाधिकारी वैभव चौधरी, प्रभारी क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, क्षेत्रीय वनाधिकारी आंवला मुकेश चन्द्र काण्डपाल, प्रभारी क्षेत्रीय वनाधिकारी फरीदपुर तथा प्रभारी क्षेत्रीय वनाधिकारी मीरगंज व अन्य लोग उपस्थित रहे।
