Thursday, April 2, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडाGonda : अस्पताल से परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया था बच्चा-DM

Gonda : अस्पताल से परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया था बच्चा-DM

स्वास्थ्य विभाग व सरकार को बदनाम करने की रची गई थी साजिश-उप मुख्यमंत्री

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के एक सरकारी चिकित्सालय में नवजात शिशु को किसी जीव द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने की घटना को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने गलत करार दिया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी घटना को असत्य एवं निराधार बताते हुए स्वास्थ्य विभाग व सरकार की छवि को धूमिल करने वाला बताया है। इसके साथ ही स्थानीय थाने पर प्रसूता महिला के भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध लापरवाही पूर्वक कार्य करके किसी की मृत्यु को कारित करने का अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने देर रात प्रेस को जारी एक बयान में कहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुजेहना पर ग्राम पंचायत रुद्रगढ़ नौसी निवासी श्रीमती सायरा बानो पत्नी सिराज को प्रसव हेतु 27 अगस्त 2022 को भर्ती कराया गया था। उन्होंने 28 अगस्त 2022 की रात्रि करीब डेढ़ बजे एक मृत बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल में आन ड्यूटी कर्मचारियों ने समस्त अभिलेखीय कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात् रात्रि 02..20 बजे मृतक नवजात शिशु को उसके माता-पिता एवं प्रसूता की जेठानी श्रीमती अनवरी को लिखित रूप से सुपुर्द कर दिया। रात्रि के तीसरे पहर में मृत बच्चे को लेकर उसके परिजन घर चले गये एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपस्थित स्टाफ अन्य चिकित्सीय कार्यों में व्यस्त हो गया। डीएम ने बताया कि इस बीच प्रसव से सम्बन्धित दो अन्य महिलाओं श्रीमती सेजल मिश्रा पत्नी शत्रोहन तिवारी निवासी ग्राम डिहवा बल्दूपुरवा एवं श्रीमती लक्ष्मी पत्नी हजारी लाल निवासी ग्राम विशम्भरपुर रात में ही 02.20 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। 28 अगस्त की सुबह करीब सात बजे सम्बन्धित परिजन कुछ अन्य लोगों के साथ दुबारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मृत नवजात शिशु के साथ उपस्थित हुए तथा देखभाल सही ढंग से नहीं किये जाने की जानकारी दी एवं हंगामा किया। उनका आरोप था कि बच्चे के शव को किसी जानवर ने ऊपरी होंठ पर कुतर दिया है। इसके उपरान्त बच्चे के अभिभावक स्वयं चिकित्सक एवं पुलिस बल की उपस्थिति में अपने साथ लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय ले गये। डीएम ने बताया कि घटना की खबर प्रशासन को मिलते ही डीएम ने तत्काल मुख्य विकास अधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जाँच टीम गठित कर प्रकरण की जांच हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुजेहना भेज दिया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से स्पष्ट हो जायेगा कि बच्चे को किस जानवर ने काटा (कुतरा) है। जांच टीम की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना की पुष्टि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपस्थित एएनएम, ग्राम की आशा बहू, चौकीदार एवं अन्य भर्ती महिलाओं द्वारा भी की गयी है। डीएम ने कहा कि परिजनों द्वारा मृतक शिशु को अस्पताल से ले जाते समय किसी प्रकार की अनियमितता अथवा शव के साथ किसी प्रकार की छेडछाड़ व विच्छेदन की कोई शिकायत नहीं की गयी, बल्कि दुबारा स्वास्थ्य केन्द्र पर आकर घटना के बारे में बताया गया। इस बीच प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य विभाग के मंत्री ब्रजेश पाठक ने देर रात ट्विट कर कहा है कि गोंडा के सीएचसी मुजेहना में नवजात शिशु की संदिग्ध मृत्यु के सम्बंध में मेरे निर्देश पर सीएमओ द्वारा की गई जांच में सभी आरोप असत्य एवं निराधार पाए गए। निश्चित ही स्वास्थ्य विभाग व सरकार की छवि को धूमिल करने की मंशा से कुत्सित प्रयास प्रतीत होता है, जिसकी मैं भर्त्सना करता हूं।

Gonda : अस्पताल से परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया था बच्चा-DM

पुलिस ने भादवि की धारा 304ए के तहत अभियोग दर्ज कर शुरू किया मामले की विवेचना

इस बीच धानेपुर थाने की पुलिस ने मो. हारुन पुत्र इस्लाम अली निवासी ग्राम बछईपुर (चैनवापुर) की तहरीर पर भादवि की धारा 304ए का अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी है। प्राथमिकी के हवाले से प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 27 अगस्त 2022 की रात्रि करीब 10 बजे हारून अपनी बहन सायरा बानो पत्नी सिराज अहमद को प्रसव के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुजेहना पर लेकर आया था, जहां डाक्टरों ने उसकी बहन को भर्ती कर लिया। रात करीब तीन बजे बहन को लड़का पैदा हुआ। लड़के के पैदा होने पर डाक्टरों ने बताया कि बच्चे के बचने की संभावना बहुत कम है। इसलिये उसे कुछ घंटे तक आक्सीजन पर रखा जा रहा है। हो सकता है कि वह बच जाय। डाक्टर की बात मानकर वे लोग अस्पताल के बाहर रुके रहे। सुबह डाक्टर ने बताया कि बच्चे की मौत हो गयी है। जब बच्चे का शव देखने के लिये वे लोग अंदर गये तो बच्चे का चेहरा किसी जानवर के द्वारा खा लिया गया था। उन्होंने जब इस बारे में डाक्टर से जानकारी मांगी तो पूरे स्टाफ ने इसकी जानकारी होने से इंकार कर दिया और बच्चे का शव देकर हमें अस्पताल से भगा दिया गया। उन्होंने बताया कि तहरीर पर सुसंगत धारा में अभियोग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।

Gonda : अस्पताल से परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया था बच्चा-DM

यह भी पढें : अस्पताल में भर्ती नवजात को किसी जीव ने बनाया निवाला

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular