तहसील के विभिन्न पटलों का किया औचक निरीक्षण, गरीबनगर के गोशाला की हकीकत जांची
रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। जिलाधिकारी श्रुति ने मंगलवार को उतरौला तहसील का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने उतरौला तहसील कार्यालय के विभिन्न पटलों, रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड रूप में पत्रावलियों को बदहाल स्थिति में देखने के बाद रजिस्ट्रार कानूनगो को नसीहत दी कि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुव्यवस्थित रूप से रखें।निष्प्रयोज्य व कालातीत पत्रावलियों का निस्तारण कराकर कक्ष की व्यापक रूप से सफाई कराएं। दीमकरोधी व नमी रोधी रसायनों का छिडकाव कराएं। उतरौला तहसील परिसर की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने, शौचालयों को साफ कराकर उपयोग के लिए बनाने का निर्देश दिया। जन सामान्य के लिए तहसील को सुविधाजनक बनाए जाने, पेयजल, सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था कराने व जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का निर्देश एसडीएम संतोष ओझा को दिया। तहसील के निरीक्षण के बाद डीएम ने गरीबनगर गांव में स्थित गोशाला का निरीक्षण किया।गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा, पेयजल की उपलब्धता की जांच की। डीएम ने गोवंशों को समुचित मात्रा में हरा चारा,भूसा, पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने, सड़क पर घूम रहे बेसहारा गोवंशों को गोशालाओं में रखवाने व उनकी टैगिंग कराने का निर्देश दिया। तहसीलदार प्रवेश कुमार, नायब तहसीलदार स्वाति सिंह, रजिस्ट्रार कानूनगो राम शब्द, किशुन लाल, नायब नाजिर मंशाराम पांडेय, रूपनारायण, नौरंग सिंह, रामदेव समेत सभी पटल प्रभारी मौजूद रहे।
