मेरठ (हि.स.)। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर मंगलवार को कार से कुचलकर एक किसान की मौत हो गई। इससे बाद गुस्साए लोगों ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम खुलवाया।
परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी किसान शौकीन मंगलवार को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को पैदल पार करके खेत में जा रहा था। इतने में ही दिल्ली की ओर से आ रही सेंट्रªो कार ने उसे टक्कर मार दी। मौके पर ही शौकीन की मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण इकट्ठा हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और धक्कामुक्की करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को भीड़ से बचाया और थाने भेज दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे पर जमा लगा दिया। इससे दूर-दूर तक वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनएचएआई ने उनके गांव में एक्सप्रेसवे पार करने के लिए कोई अंडरपास नहीं बनाया। इस कारण किसानों को एक्सप्रेसवे को पार करके खेतों में जाना पड़ता है। इंस्पेक्टर परतापुर शैलेंद्र प्रताप ने ग्रामीणों को इस समस्या का हल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सेंट्रो कार को अपने कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि किसान के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। लोगों द्वारा एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का तस्करा भी जीडी में डाल दिया गया है।
कुलदीप
