– अधजले धड़ और कटे सिर की शिनाख्त के लिए पुलिस कर रही है प्रयास
मुरादाबाद (हि.स.)। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के हिमगिरी कॉलोनी से मंगलवार रात्रि बरामद हुए कटे हुए सिर का पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। बीती 7 मई को हिमगिरी कॉलोनी के पास में ही सिरकटी अधजली लाश मिली थी। सिर और लाश एक ही व्यक्ति का है या नहीं, इसकी जांच के लिए बरामद सिर और धड़ का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
सिविल लाइंस थाना पुलिस को हिमगिरी कॉलोनी में मंगलवार रात रास्ते के किनारे कटा हुआ सिर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। कटे सिर पर बाल उड़े हुए थे। झुलसा होने के कारण चेहरा बिगड़ गया था। सिर्फ दांत ही सुरक्षित रह गए हैं। पुलिस ने सिर को मोर्चरी में रख दिया। पुलिस को आशंका है कि कुत्ते कहीं अन्य स्थान से इसे खींच कर लाए हैं। थाना प्रभारी ने संभावना जताई कि यह सिर नौ दिन पहले हिमगिरी कॉलोनी के पास सोनकपुर पुल के नजदीक खेत में मिले। यह उसी उसी अधजले सिर विहीन धड़ का हो सकता है।
7 मई को झाड़ियों में मिले धड़ का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था और डीएनए के लिए हड्डियां सुरक्षित रखी गई थीं। धड़ के पास शराब की एक बोतल, स्मैक और कुछ दूर पर जले कपड़े, जूते और एक अधजली टी शर्ट मिली थी। पोस्टमार्टम से पता चला कि उसकी हत्या करने के लिए पसलियों पर वार किया गया था। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि कटे सिर का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक जांच से पता चलेगा कि बरामद धड़ और कटे सिर की उम्र कितनी है। दांत और हड्डियों से उम्र का पता आसानी के चल जाता है। इस मामले में अधजले धड़ और कटे सिर की शिनाख्त करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि गुमशुदा लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए जिले के अलावा मंडल स्तर पर थाना पुलिस ने सूचना प्रसारित करा दी है। पोस्टमार्टम के बाद सिर और धड़ का सेंपल लखनऊ स्थित लैब में डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा।
निमित जायसवाल/सियाराम
