Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडिप्टी CM भी राज ठाकरे के साथ, कहा कर सकते हैं राम...

डिप्टी CM भी राज ठाकरे के साथ, कहा कर सकते हैं राम लला के दर्शन

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। कैसरगंज से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने इन दिनों राज ठाकरे के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने मनसे प्रमुख राज ठाकरे को उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगे बिना अयोध्या में राम लला का दर्शन न करने देने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि जब तक ठाकरे उत्तर भारतीयों पर किए गए हमलों को लेकर माफी नहीं मांग लेते, उन्हें राम लला के दर्शन नहीं करने दिया जाएगा। इस प्रकरण में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ताजा बयान के बाद नया मोड़ आ गया है। एक कार्यक्रम के दौरान जब यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से पूछा गया कि भाजपा सांसद ने ऐलान किया है कि राज ठाकरे जब तक मांफी नहीं मांगते, उन्हें रामलला का दर्शन नहीं करने दिया जाएगा…? इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ’मैं नहीं जानता कि सांसद जी ऐसा क्यों बोले हैं। उन्होंने मुझे कुछ बताया नहीं है। वैसे राम लला का दर्शन कोई भी आकर कर सकता है। चाहे वह राज ठाकरे हों, अखिलेश यादव हो या मुलायम सिंह यादव।’

यह भी पढें : पढ़ें, क्यों मिलनी चाहिए मैरिटल रेप के दोषी को सजा

दरअसल राज ठाकरे के विरोध में मोर्चा खोले बृज भूषण गुरुवार को अयोध्या पहुंचे थे। मीडिया से बात करते हुए सांसद ने कहा कि वह संतों का समर्थन हासिल करने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। राज ठाकरे इतने घमंड से चूर हैं। दो शब्द अपनी गलती सुधारने के लिए खेद प्रकट नहीं कर सकते। अब तो हम केवल इतना कह रहे हैं कि वे अपने यूपी बिहार विरोधी बयान के लिए संतों से ही माफी मांग लें। हम उनके विरोध की जगह स्वागत करने को तैयार हैं। राज ठाकरे को अगर उत्तर भारतीयों से माफी मांगने में शर्म आ रही है, तो अयोध्या के संतों से ही माफी मांग लें। यदि केवल संत समाज माफ कर देता है, तब भी हम अपना विरोध छोड़ देंगे।’ सांसद हालांकि बार-बार यह भी दुहराते हैं कि यह हमारा व्यक्तिगत कार्यक्रम है। पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं। नंदिनी नगर में आयोजित तैयारी बैठक में तो उन्होंने यहां तक कह दिया था कि मैं पहले राम का वंशज हूं। फिर उत्तर भारतीय और उसके बाद पार्टी का सांसद। बृजभूषण शरण सिंह ने राज ठाकरे विरोधी मुहिम में अयोध्या में भीड़ जुटाने की जुगत में उत्तर भारतीयों के अयोध्या आने पर होटल और धर्मशालाआें में 50 फीसद छूट का ऐलान भी कर दिया है। साथ ही लोगों के लिए बस्ती, गोंडा के आसपास स्कूलों में रहने और खाने का प्रबंध करने की बात भी उन्होंने कही है।

यह भी पढें : DIG ने कप्तानों को सुनाई खरी-खरी, जानें क्या-क्या कहा?

इस मामले में अयोध्या रेंज के आईजी केपी सिंह का कहना है कि राज ठाकरे के अयोध्या दौरे को लेकर टकराव की हर संभावनाओं पर प्रशासन सतर्क नजर रख रहा है। किसी का भी अब तक आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है। कार्यक्रम मिलने पर सुरक्षा व लॉ एंड आर्डर की समीक्षा की जाएगी। किन्तु उन्होंने स्पष्ट किया कि अयोध्या में कानून व्यवस्था में खलल डालने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो। बताते चलें कि कैसरगंज संसदीय क्षेत्र अयोध्या से बिल्कुल सटा हुआ है। इस इलाके में बृजभूषण सिंह अपना अच्छा खासा प्रभाव भी रखते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बृजभूषण शरण सिंह इस बार यूपी सरकार को अपनी हैसियत दिखा देना चाहते हैं और कहीं न कहीं अपनी इसी ताकत के बदौलत अपनी राजनीति को और विस्तार देना चाहते हैं। ठाकरे के विरोध के लिए आयोजित कई बैठकों में उन्होंने कहा भी है कि वे उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और झारखण्ड का भी दौरा करके अपने आन्दोलन को धार देंगे। बताते चलें कि बिहार में उनकी रिश्तेदारियां भी हैं। इस बीच उनके संसदीय क्षेत्र से ही पद्मावत यूथ ब्रिगेड ने भी राज ठाकरे का स्वागत करने के लिए अपने लोगों को पांच जून में लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंचने का आहवान किया है।

यह भी पढें : मुसलमान अब नहीं रहा किसी पार्टी विशेष का वोट बैंक-कमर अली

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular