सिद्धार्थनगर के डिप्टी सीएमओ की पत्नी ने खलीलाबाद में गोली मारकर की आत्महत्या
सन्तकबीरनगर (हि.स.) । जनपद के खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र अंतगर्त मीट मंडी रोड़ स्थित एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक 47 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। मृतका गुड़िया के पति डॉ0 ए एस खान सिद्धार्थनगर डिप्टी सीएमओ पद पर तैनात हैं ।
मिली जानकारी के अनुसार अम्बेडकरनगर जिले के ग्राम तेतरिया निवासी डॉ. अब्दुल सलाम खलीलाबाद के मीटमंडी रोड पर अपना एक प्राइवेट अस्पताल चलाते हैं। अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर आवास बनाकर रहते भी हैं। वर्तमान समय में वे सिद्धार्थनगर जिले में डिप्टी सीएमओ के पद पर कार्यरत हैं। उनके दो बेटे लखनऊ में प्राइवेट मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी पत्नी भी अपने बेटों के साथ लखनऊ में रहती थीं। दो दिन पूर्व डा. अब्दुल सलाम अपनी पत्नी 47 वर्षीया गुड़िया को साथ लेकर खलीलाबाद स्थित आवास पर आए थे।
सूचना पर पंहुची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही में जुटी है। सीओ दीपांशी राठौर ने फोरेंसिक टीम व थाना प्रभारी कोतवाली सर्वेश राय के साथ घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस कप्तान सत्यजीत गुप्ता बताया कि आज सुबह मृतिका के पति ने पुलिस को सूचना दी की उनके लाइसेंसी रिवाल्वर से उनकी पत्नी ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्र/बृजनंदन
