Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडिजाइन और अंतरिक्ष विज्ञान के साथ कानपुर आईआईटी में हुए 20 शैक्षणिक...

डिजाइन और अंतरिक्ष विज्ञान के साथ कानपुर आईआईटी में हुए 20 शैक्षणिक विभाग

– पूर्ण विभाग बना डिजाइन कार्यक्रम, अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान में होगी शिक्षा

कानपुर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर ने डिजाइन और अंतरिक्ष विज्ञान व खगोल विज्ञान के क्षेत्र में दो नए विभागों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। जिससे संस्थान में अब कुल 20 शैक्षणिक विभाग हो गए हैं। मौजूदा डिजाइन कार्यक्रम को एक पूर्ण विभाग में बदलने और अंतरिक्ष, ग्रह सम्बन्धी, खगोल विज्ञान और इंजीनियरिंग के व्यापक क्षेत्र के लिए समर्पित अंतरिक्ष विज्ञान और खगोल विज्ञान के एक नए विभाग की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए इसी वर्ष 12 जनवरी को बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में निर्णय लिया गया था।

आईआईटी निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने कहा कि आईआईटी कानपुर शिक्षा की विविधता में दृढ़ता से विश्वास करता है। हम देश के बदलते शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र के अनुकूल समय-समय पर अपने पाठ्यक्रम में लगातार सुधार कर रहे हैं और नए विभागों की स्थापना भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। मेरा मानना है कि डिजाइन और अंतरिक्ष विज्ञान व खगोल विज्ञान के क्षेत्र में ये दो नए विभाग इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए अनुसंधान और नवाचार की सुविधा प्रदान करेंगे और आईआईटी कानपुर में प्रचलित अनुसंधान और सीखने के क्षितिज को व्यापक बनाएंगे।

2002 से चल रहा है डिजाइन कार्यक्रम

आईआईटी कानपुर 2002 से एक बहुत ही सफल डिजाइन कार्यक्रम चला रहा है। डिजाइन विभाग में अपने परिवर्तन के साथ आईआईटी कानपुर अब छात्रों, उद्योग और शोधकर्ताओं के लिए नई, रोमांचक और व्यापक संभावनाएं प्रदान करेगा, ताकि मानवीय जरूरतों को बेहतर तरीके से संबोधित किया जा सके। डिजाइन विभाग के निर्माण के साथ आईआईटी कानपुर 2023 की शुरुआत में एक बैचलर ऑफ डिजाइन प्रोग्राम शुरू करने की योजना बना रहा है। नया विभाग अपने बहुत लोकप्रिय मास्टर ऑफ़ डिज़ाइन प्रोग्राम का भी विस्तार करेगा, जिसने अतीत में माइक्रोसाफ्ट, नोकिया, गूगल, ओरेकल, इंफोसिस, टीसीएस, आदि और भी उच्च स्तर तक के नियोक्ताओं को आकर्षित किया है। विभाग अपने मौजूदा पीएचडी कार्यक्रम को भी बढ़ाएगा।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular