मेरठ (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मोदीपुरम में डायरेक्टर पद के लिए साक्षात्कार के विरोध में कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कर्मचारियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर धरना दिया।
कृषि विश्वविद्यालय के कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष विनय शर्मा और महामंत्री राजीव भारद्वाज के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए कहा कि एक सप्ताह पहले ही कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने कुलपति को ज्ञापन दिया था। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में पहले कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, नॉन टीचिंग की नियुक्ति करने की मांग उठाई थी। इसके बाद ही कोई अन्य नियुक्ति करने की मांग की थी, लेकिन कुलपति ने डायरेक्टर पद के लिए सोमवार को साक्षात्कार बुला लिये। इसके विरोध में ही कर्मचारियों ने आंदोलन शुरू किया है। हंगामे के बीच विवि के कुलसचिव डॉ. डीके सिंह और प्रशासनिक अधिकारी लोकेश गंगवार कर्मचारियों के बीच पहुंचे। कर्मचारियों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन हठधर्मिता दिखा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मांग पूरी होने तक कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा।
