Monday, February 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडाक विभाग 167 साल का हुआ, 'आपका दोस्त, इण्डिया पोस्ट' नारे के...

डाक विभाग 167 साल का हुआ, ‘आपका दोस्त, इण्डिया पोस्ट’ नारे के साथ रैली निकली

वाराणसी (हि.स.)। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ और भारतीय डाक विभाग के 167वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न मंडलों में रैली निकालकर कर्मचारियों और अफसरों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।

वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कैंट स्थित प्रधान डाकघर परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली नदेसर, वरुणा पुल, सर्किट हाउस, कचहरी चौराहा, अंबेडकर चौक तथा मिंट हाउस होते हुए पुन: कैंट प्रधान डाकघर में समाप्त हुई।

इसी क्रम में वाराणसी प्रधान डाकघर से निकली रैली विशेश्वरगंज से आरम्भ होकर कबीर चौरा, बेनिया बाग, गोदौलिया चौराहा होते हुए दशाश्वमेघ घाट पहुंची और पुन: वहां से चौक, नीची बाग होते हुए प्रधान डाकघर में समाप्त हुई।

इस दौरान डाककर्मी अपने हाथों में विभिन्न डाक सेवाओं की तख्ती लिए हुए उनके बारे में और स्वच्छता के संबंध में नारे लगाते हुए चल रहे थे।’आपका दोस्त, इण्डिया पोस्ट’ और ‘डाक सेवा-जन सेवा’ के नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्थापना दिवस पर पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि, देश के हर कोने में, हर दरवाजे पर डाक विभाग की पहुंच है और वह लोगों के सुख-दुःख में बराबर रूप से जुड़ा हुआ है। आज डाकघर न केवल पत्र वितरित करता है बल्कि अपने व्यापक नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न प्रकार की डिजिटल और हाईटेक जनोपयोगी सेवाएं भी प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि डाक सेवाएं नवीनतम टेक्नोलॉजी अपनाते हुए एक ही छत के नीचे तमाम जनोपयोगी सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। पत्र, पार्सल, ई-मनीऑर्डर, अंतर्राष्ट्रीय धन अंतरण सेवा, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, फिलेटली, आधार नामांकन और अद्यतन सेवा, पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेण्टर, इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, गंगा जल की बिक्री, विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों के प्रसाद की बिक्री जैसी तमाम सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। कोरोना महामारी के दौर में डाक विभाग के कर्मी ‘कोरोना वॉरियर्स’ के रूप में लोगों को घर बैठे तमाम सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

रैली में प्रवर डाकघर अधीक्षक वाराणसी पूर्वी मंडल राजन, डाकघर अधीक्षक वाराणसी पश्चिमी मंडल कृष्ण चन्द्र, सहायक निदेशक राम मिलन, लेखा अधिकारी एमपी वर्मा, सीनियर पोस्टमास्टर चंद्रशेखर बरुआ, सहायक अधीक्षक अजय कुमार, आरके चौहान, पंकज कुमार, डाक निरीक्षक श्रीकांत पाल, विश्वम्भर नाथ द्विवेदी आदि भी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular