मेरठ (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और उप्र की योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकारों से उप्र तथा देश का विकास हो रहा है। नितिन गडकरी ने उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ बिजनौर जनपद के चांदपुर से भाजपा की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बिजनौर जनपद के चाँदपुर मे गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज से रविवार को भाजपा की जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद जन विश्वास यात्रा ने बिजनौर जनपद के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी और शाम को बिजनौर शहर पहुंची। रात्रि में जन विश्वास यात्रा बिजनौर में विश्राम करेगी और सोमवार को मुजफ्फरनगर के लिए रवाना होगी। जन विश्वास यात्रा के बाद जनसभा में नितिन गडकरी ने कहा कि मैं पहली बार महात्मा विदुर की धरती पर आया हूं। महात्मा विदुर के तय किए मापदंडों को हजारों साल बाद भी भुलाया नहीं जा सकता। अभी चुनाव के महाभारत की शुरुआत होने वाली है। हर महाभारत में हमें सिखाया जाता है कि हमें सत्य के साथ जाना है या असत्य के साथ। उप्र और देश के विकास में डबल इंजन की सरकार लगी हुई है। प्रदेश को योगी सरकार ने विकास पथ पर अग्रसर कर दिया है।
