बलिया (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि देश में डबल इंजन की सरकार बनी रही तो आने वाले दिनों में पूरे देश की स्थिति मणिपुर जैसी होगी। उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि देश को इस स्थिति से बचाना है तो जो जहां है, वहीं लोगों को समझाएं कि डबल इंजन की सरकारों का कानून व्यवस्था और संविधान में विश्वास नहीं है।
शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि गत चार मई को मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराए जाने का वीडियो केवल कानून-व्यवस्था पर नहीं,सम्पूर्ण मानवता के माथे पर कलंक है। इसके लिए मणिपुर सरकार के साथ ही भारत सरकार भी दोषी है।
उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वह इस मामले को स्वयं संज्ञान में लें और दोषियों के साथ ही दोनों सरकारों के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराया गया और राज्य सरकार की पुलिस मूकदर्शक बनी रही। राज्य की कानून व्यवस्था के लिए यह घटना चुल्लू भर पानी में डूब मरने वाली बात है। ढाई महीने तक भारत सरकार भी चुप्पी साधे रही। यह निंदनीय है।
श्री चौधरी ने कहा कि देश में जब से डबल इंजन की सरकार आई है, उसका पहला दायित्व हो गया है, कानून व्यवस्था के संरक्षण में कमजोर वर्ग को टार्गेट कर उत्पीड़ित करना और कराना। इस रवैये से अराजक तत्वों का हौसला चरम पर है। कहा कि मणिपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहाल करना डबल इन्जन की सरकार के वश का नहीं है।
रामगोविंद चौधरी ने कहा कि देश में डबल इंजन की सरकार रही तो आने वाले दिनों में मणिपुर जैसी स्थिति पूरे देश की होगी। इसे नहीं होने देना, हम सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए डबल इंजन की सरकार को हटाना जरूरी है।
एन पंकज/राजेश
