-कोई गरीब भूखा ना सोए, इसकी चिंता पीएम मोदी व सीएम योगी ने की
सुलतानपुर (हि.स.)। भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह का चुनावी जनसम्पर्क अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को सुबह जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने विवेकनगर और निराला नगर में जनसम्पर्क कर 27 फरवरी को कमल के फूल पर मतदान कर पीएम मोदी व सीएम योगी के हाथों को मजबूत करने का अनुरोध किया। कहा कि भाजपा सरकार हर मुद्दे पर खरी उतरी है। कोरोना महामारी के दौरान कोई गरीब भूखा ना सोए इसकी चिंता व व्यवस्था पीएम मोदी व सीएम योगी की सरकार ने सुनिश्चित की। और आज सरकार सभी गरीब व जरूरतमंदों को सरकार डबल राशन देने का काम कर रही है।
वहीं नगर के दीवानी परिसर, कलेक्ट्रेट व तहसील परिसर पहुंच कर अधिवक्ताओं और वादकारियों से मुलाकात कर आशीर्वाद मांगा। विनोद सिंह खुद अधिवक्ता हैं और अपनी वकालत की शुरुआत भी उन्होंने यहीं से की थी। लिहाजा उन्हें अधिवक्ताओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस दौरान विनोद सिंह ने कहा कि देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी की डबल इंजन की सरकार ने विकास का रोल माडल स्थापित किया है। इस मौके पर उन्होंने पूर्व बार अध्यक्ष करुणा शंकर द्विवेदी, नागेंद्र सिंह, महेश शर्मा, रायसाहब सिंह, राम विशाल तिवारी, नरेन्द्र सिंह तथा आनन्द चौबे, मुन्ना चौबे सहित सभी वकीलों से मुलाकात की।
पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह ने शुक्रवार को सैदपुर, हयातनगर, मधुबन बलरामऊ, जंजाली का पुरवा आलहादपुर, गड़ौरा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में सभाएं की व डोर टू डोर संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कहा यूपी सुरक्षा के मामले में नजीर बना है और कानून व्यवस्था व विकास के नए-नए आयाम गढ़ रहा है।
दयाशंकर
