Sunday, February 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडबल इंजन की सरकार के बाद भी राज्यों में नहीं दिख रही...

डबल इंजन की सरकार के बाद भी राज्यों में नहीं दिख रही विकास की तस्वीर – मायावती

लखनऊ(हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने गुरुवार को हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश व तेलंगाना इन पांच राज्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संगठन और जनाधार को बढ़ाने के साथ ही बाबा साहब के जीवन-संघर्ष के बारे पदाधिकारी को बताया।

उन्होंने राज्यों में पार्टी यूनिट के स्टेट व जिलों के प्रमुख तथा वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चली अहम बैठक में वर्तमान राजनीतिक हालात व सरकारी कार्यकलापों आदि के फीडबैक लिया। कहा कि घनी आबादी वाले हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं यूपी आदि राज्यों में अति-गरीबी, बेरोजगारी, जातिवादी व साम्प्रदायिक तनाव, हिंसा आदि की दुःखद तस्वीर सामने आ रही हैं जबकि इन राज्यों में वर्षों से डबल इंजन की सरकारें काम करने का दावा किया जा रहा है। इन राज्यों में बहुप्रचारित सरकारी विकास व स्मार्ट राज्य के सुखद जीवन की सुनहरी तस्वीर लोगों के सामने उभर कर आनी चाहिए थी।

बसपा प्रमुख ने कहा कि आज देश में कड़वी वास्तविकता यही है कि ऐसी कोई सरकार नहीं दिखती है जो महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी के अलावा जनहित व जनकल्याण के संबंध में पूरी गंभीरता व ईमानदारी के साथ काम करने की स्थिति में है। इसीलिए नये भारत की नई सुन्दर तस्वीर बनकर कोई राज्य नहीं उभर पा रहा है।

उन्होंने पूर्व की सरकारों पर भी हमला बोला। कहा कि पहले कांग्रेस के समय में जातिवाद, भ्रष्टाचार व द्वेष आदि का अभिशाप देश को खोखला कर रहा था, लेकिन अब उसमें साम्प्रदायिक हिंसा, तनाव तथा सरकारी विद्वेष आदि भी बड़े पैमाने पर शामिल हो गया है। ऐसे में देश के विकास के लिए जरूरी हिंसा व तनाव मुक्त व्यवस्था का माहौल कहां से पैदा होगा? सरकारें इस बारे में जरूर चिन्तन करें। किसी भी राज्य को इन मामलों में एक अच्छी मिसाल बनकर उभरने की जरूरत क्यों नहीं है?

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular