– चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात को देते थे अंजान
गाजीपुर(हि.स.)। जनपद के दिलदारनगर थाना पुलिस और एसओजी टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी जब ट्रैक्टर लूट गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि फंदे में आए अभियुक्त चालकों को जहरखुरानी का शिकार बनाकर ट्रैक्टर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। इनके कब्जे से लूट के 11 ट्रैक्टर के साथ ही दो ट्राली बरामद की गई है। गिरोह के मुख्य सदस्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी, लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। इसको पर्दाफाश करने के लिए एसओजी टीम और थानाध्यक्षों को लगाया गया। इस क्रम में दिलदारनगर, सुहवल थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर अमौरा रोड पर धनाड़ी मोड़ के पास ग्राम धनाड़ी बफासला 04 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व से पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे में और निशानदेही पर लूट के 11 ट्रैक्टर और 02 ट्राली बरामद किया। गिरफ्तार लोगों में जंगीपुर थाना के कदियापुर निवासी जीतन यादव, दिलदारनगर नगर निवासी संजय सिंह यादव उर्फ पिंटू, इसी थाना क्षेत्र के भक्सी निवासी शिवकुमार यादव उर्फ टुन्नू सदर कोतवाली क्षेत्र के अंधऊ निवासी आजाद यादव और एक बाल अपराधी शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तगणों ने बताया कि उनका एक गिरोह है, जिसमें जितेंद्र कुमार निवासी ग्राम गरथमा थाना सिन्धौरा जनपद वाराणसी हमारे गिरोह का मुखिया है। गिरोह योजना के तहत जिस ट्रैक्टर को उठाना होता है, पहले उसे किसी कार्य से बुक किया जाता है। इसके बाद हम लोग उस ट्रैक्टर के चालक को चाय-पानी कराने के बहाने उसमे नशीली दवा डालकर पिला देते थे। जब चालक पर रास्ते में नशीली दवा का असर होने लगता था और उसे चक्कर आने लगता था तो हम लोग समझ जाने थे कि दवा का असर हो रहा है, तब उसे ट्रैक्टर रोड से साइड में लगवाते है और पीछे से हमारे गिरोह के अन्य सदस्य जो चार पहिया वाहन से रहते थे, ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर से हटाकर चार पहिया वाहन में इलाज के बहाने बैठा लेते थे। उक्त ट्रैक्टर हमारी टीम का सदस्य चलाकर उचित स्थान पर ले जाकर छिपाकर रख देता था, जिसे उचित दाम मिलने पर किसी अन्य जनपद में लेजाकर बेंच दिया जाता है। उससे प्राप्त रुपये आपस मे बांट लिया जाता है। जितने भी ट्रैक्टर मिले हैं, लूट/चोरी किया गया है।
एसपी ने बताया कि गिरोह के मुख्य सदस्य जितेंद्र कुमार की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में दिलदारनगर थाना प्रभारी निरीक्षकअशेषनाथ सिंह, सुहवल प्रभारी निरीक्षक तारावती, उपनिरीक्षक रामाश्रय राय स्वाट टीम, वरिष्ठ उपनिरीक्षक चंद्रशंकर मिश्र, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सचिन सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह आदि शामिल रहें।
श्रीराम जायसवाल
