गोरखपुर (हि.स.)। बुधवार की भोर में रेलवे लाइन पार करते समय एक 45 वर्षीय मजदूर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मज़दूर की पहचान थाना शाहपुर गोरखपुर के नंदानगर नयागांव निवासी पन्नेलाल उर्फ़ पन्नू निषाद पुत्र स्वर्ग पवारू के रूप में हुई है। सीमा पर असमंजस की वज़ह से मृतक मज़दूर का शव दो घंटे से अधिक समय तक ट्रैक पर पड़ा रहा।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह लगभग 06 बजे दरगहिया पासी टोला के लोगों ने इस मज़दूर का शव देखा। य़ह शव गोरखपुर छावनी-कप्तानगंज रेलवे ट्रैक स्थित 3-ए समपार फाटक के सौ मीटर पश्चिम रेलवे लाइन पर पड़ा था। इस मज़दूर युवक का शव ट्रेन से कटा हुआ रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एयरफोर्स चौकी इंचार्ज सुनीता सिंह व चौकी इंचार्ज झरनाटोला अभय नारायण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन सीमा की पुष्टि नहीं होने के कारण असमंजस के हालात रहे ।
दो घंटे तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव
सीमा की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण शव को कब्जा में लेने की असमंजस की स्थिति बनी रही। मृतक का शव दो घंटे से अधिक समय तक रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा। बाद में लेखपाल के पुष्टि करने पर चौकी इंचार्ज एयरफोर्स ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता के समय से नंदानगर नयागांव में रह रहा है परिवार
बताया जा रहा है कि मृतक पन्नेलाल का परिवार पिता पवारू के समय से नंदानगर नयागांव में रह रहा है। पवारू भारतीय खाद्य निगम भंडारण गोदाम नंदानगर में हेंडलिंग मजदूर थे। पिता की मौत के बाद पन्नेलाल अन्य भाइयों के साथ खाद्य डिपो में दैनिक मजदूरी करता था और गरीबी की हालत में ठेला चलाकर भी परिवार का गुजारा करता था। मृतक के पास से ई- श्रमिक कार्ड मिला है। मृतक अपने पीछे पत्नी तथा दो बच्चे निखिल (17 वर्ष) व अनिकेत (15 वर्ष) छोड़ गया है।
आमोद
