– 18 जनवरी को प्रतिनिधि मंडल के सदस्य मृतकों के परिजनों से मिलकर देंगे सांत्वना
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का छह सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल 18 जनवरी को अयोध्या जाएगा। यह प्रतिनिधि मंडल अयोध्या जिले के बिल्वहरि घाट रेलवे स्टेशन के पास बीते दिनों सगे भाईयों व भेड़ों के ट्रेन से कटने की जांच करेगा।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को जानकारी दी कि बीते दिनों फैजाबाद जिले के विधान सभा क्षेत्र अयोध्या के ग्राम रसड़ा निवासी भेड़ चराने वाले लल्लन पाल व तुलसीराम पाल दोनों सगे भाइयों सहित दर्जनों भेड़ों की बिल्वहरि घाट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रासिंग पार करते समय ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना की सही जानकारी एवं शोक संतप्त परिवार से मिलने व सांत्वना देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर छह सदस्यीय एक प्रतिनिधि मण्डल उपरोक्त गांव में पहुंचेगा।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि मण्डल में पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, फैजाबाद के निर्वतमान जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव, निर्वतमान जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाल, राष्ट्रीय सचिव यूथ ब्रिगेड विजय बहादुर वर्मा, जिलाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड मो. शुएब खान एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य अशोक पाल शामिल हैं।
मोहित वर्मा
