औरैया (हि.स.)। दिबियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ पाया गया। जिसकी जानकारी राहगीरों द्वारा रेलवे एवं थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा भरकर युवक की शिनाख्त कराई। पुलिस ने युवक की शिनाख्त सिंचाई विभाग में तैनात अवर अभियंता के रूप में की। एवं मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी गई।
जनपद फिरोजाबाद के ग्राम भदान निवासी संदीप कुमार पुत्र विजय सिंह सिंचाई विभाग कानपुर देहात में अवर अभियंता के पद पर तैनात था। रोज की भांति वह पैसेंजर ट्रेन से कानपुर देहात अपनी ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। अज्ञात कारणों के चलते वह ट्रेन के नीचे आ गया जिससे उसकी कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक अवर अभियंता ने पिछली 20 नवम्बर 2020 को सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर नियुक्ति पाई थी। तब से वह कानपुर देहात में नौकरी कर रहा था। युवक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जाती है। वही, प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी जानकारी दी कि ट्रेन आने से पूर्व ही युवक पटरी पर लेट गया था। घटना की सूचना पाकर रेलवे सुरक्षा बल एवं दिबियापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। यह घटना फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 04 की बताई जाती है। फिलहाल मौत के कारणों की जानकारी दिबियापुर थाना पुलिस करने में जुटी हुई है।
