प्रयागराज (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) प्रयागराज द्वारा आयोजित 16वां इनोवेशन सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग कॉन्फ्रेंस की शुरुआत 24 फरवरी को झलवा परिसर में सुबह 9 बजे होगी।
सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग क्षेत्र के विभिन्न विशेषज्ञ ट्रिपल आईटी दिल्ली के पूर्व निदेशक पंकज जलोटे, फेसबुक में अनुसंधान वैज्ञानिक सतीश चंद्रा, सिंगापुर प्रबंधन विश्वविद्यालय प्रोफेसर डेविड लो, कोलंबिया विश्वविद्यालय बैशाखी राय, माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च इंडिया असीम रस्तोगी, फेसबुक नाची नागप्पन, आईबीएम राहुल कृष्णा और माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च यूएसए शुभेंदु के. लाहिड़ी शामिल हैं।
यह जानकारी आयोजक सदस्य डॉ सोनाली अग्रवाल ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग पर प्राथमिक ध्यान देने के साथ, सम्मेलन में पांच कार्यशालाएं, दो ट्यूटोरियल, चार मुख्य वार्ताएं और तीन आमंत्रित वार्ताओं के साथ-साथ कई शोध पत्र सम्मेलन के दौरान प्रस्तुत किये जायेंगे। इस सम्मेलन में भारत, अमेरिका, कनाडा, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, जर्मनी, नीदरलैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित दस विभिन्न देशों के आलेख शामिल होंगे।
संस्थान के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि इसी कड़ी में गुरुवार को संस्थान में प्रतिभागियों को सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में नवीनतम रुझानों और तकनीकों को व्यापक रूप से समझने के उद्देश्य से एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसमें क्लाउड सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, डिजिटल ट्विन इंजीनियरिंग, प्रोग्राम एनालिसिस और सॉफ्टवेयर टेस्टिंग में एडवांस, इमर्जिंग सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग एजुकेशन, कंडक्टिंग और रिपोर्टिंग सहित ट्यूटोरियल पर चर्चा की गयी।
आयोजन समिति में प्रो. शेखर वर्मा, प्रो. पवन चक्रवर्ती, प्रो. ओपी व्यास, डॉ. एस वेंकटेशन, प्रो. वृजेंद्र सिंह, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. के.पी. सिंह, डॉ. मुनीन्द्र ओझा, डॉ. नवजोत सिंह, डॉ. एम जावेद, डॉ. अमरनाथ यादव, और डॉ. ओंकारेंद्र तिवारी शामिल रहे।
विद्या कान्त
