-किंग्सुक बाग को मिलेगा चेयरमैन स्वर्ण पदक
-37 शोधकर्ताओं को मिलेगी पीएचडी की उपाधि
प्रयागराज (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज के सत्रहवें दीक्षांत समारोह में 18 मार्च को कुल 598 छात्र-छात्राओं को विभिन्न उपाधियाँ प्रदान की जायेंगी। 37 शोधकर्ताओं को पीएचडी उपाधि से अलंकृत किया जायेगा। माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च इंडिया के प्रबंध निदेशक डॉ. श्रीराम राजमणि मुख्य अतिथि होंगे एवं ट्रिपल आईटी प्रयागराज, शासी मंडल अध्यक्ष डॉ. आनंद देशपांडे सभापतित्व करेंगे।
यह जानकारी देते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. आर.एस. वर्मा ने शुक्रवार को झलवा परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि बीटेक, एमटेक के प्रत्येक तीन सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से अलंकृत किया जायेगा। संस्थान पदकों में बीटेक (आईटी) के अभिषेक मनीष सिंह को स्वर्ण पदक, मंथन राजू सुरकर रजत पदक एवं रोहिणी मिश्रा को कांस्य पदक प्रदान किया जायेगा। बीटेक (इलेक्ट्रानिक्स कम्युनिकेशन इंजी) के किंग्सुक बाग, अभिज्ञान शर्मा तथा विवेक कुमार मेहता को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कास्य पदक प्रदान किया जायेगा। एम.बी.ए में महविश फातिमा को स्वर्ण, अन्वीक्षा तिवारी को रजत पदक तथा नादिरा खान को कांस्य पदक प्रदान किया जायेगा।
पांच वर्षीय बीटेक एमटेक ड्यूल डिग्री में मृदुल महाजन को स्वर्ण, प्रभाकर कुमार को रजत पदक तथा आर्य कृष्णन को कांस्य पदक प्रदान किया जायेगा। एम. टेक (आईटी) के छात्र अच्युत दुबे, समीक्षा गुप्ता तथा अंकिता शाह को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक से अलंकृत किया जायेगा। एम.टेक. (इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन इंजी.) की छात्रा ऋतिका चौबे को स्वर्ण, सुधांशु कुमार को रजत तथा श्रेयसी घोष को कांस्य पदक प्रदान किया जायेगा।
अन्त में निदेशक ने बताया कि चेयरमैन स्वर्ण पदक किंग्सुक बाग को प्रदान किया जायेगा। इसके अलावा दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में शाम 6ः30 बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है। जिसमें भरतनाट्यम कला मंदिर प्रयागराज के निदेशक डॉ. सरोज ढींगरा की टीम द्वारा “कबीर नाट्य“ का कार्यक्रम प्रस्तुत होगा। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष मिश्र, डॉ. पंकज मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विद्या कान्त
