Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश ट्राली बैग में मिली युवती की लाश की शिनाख्त

 ट्राली बैग में मिली युवती की लाश की शिनाख्त

– प्रेम प्रसंग के चलते माता-पिता ने की थी बेटी हत्या

– हत्या के बाद 18 घंटे तक घर में रखा रहा शव

मथुरा(हि.स.)। यमुना एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर कृषि अनुसंधान केंद्र के पास लाल रंग के ट्रॉली बैग में मिली युवती की लाश की शिनाख्त कर ली गई है। प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या उसके माता-पिता ने की थी। पुलिस ने दम्पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जूर्म स्वीकारा है।

दिल्ली की रहने वाली थी आयूषी

यमुना एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर पड़े ट्राली बैग में मिली युवती के शव की शिनाख्त पुलिस ने आखिरकार कर ली। मृतका की पहचान पुलिस ने दिल्ली बदरपुर के गांव मोड़बंद निवासी नीतेश यादव की बेटी आयुषी यादव (21) के रूप में की। पुलिस ने बेटी की हत्या में उसके पिता नीतेश और मां ब्रजबाला को हिरासत में लिया है।

18 घंटे घर में रखा शव

बेटी की हत्या के मामले में प्राथमिक पूछताछ में यह पता चला है कि उन दोनों ने ही अपनी बेटी को मार डाला है। बताया कि बेटी किसी से प्रेम करती थी जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों ने मिलकर आयुषी की हत्या कर दी। 18 घंटे तक शव को घर में ही रखे रहे। अगले दिन सुबह दम्पती कार में ट्राली बैग रखकर शव को यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक गए।

माता-पिता ने स्वीकारा जूर्म

एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे को लेकर पुलिस की कई टीमें जुटी हुई थी। जब हत्या का खुलासा हुआ तो चौकाने वाला था। आयुषी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसको जन्म देने वाले माता-पिता ने की है। बताया कि दम्पती दिल्ली-आगरा हाईवे से होते हुए मथुरा आए थे। राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर ट्राली बैग फेंकने के बाद एक्सप्रेस-वे से होकर लौट गए। जब दम्पती मथुरा आ रहे थे, तो कार नीतेश चला रहा था और ब्रजबाला ट्राली बैग के साथ पीछे बैठी थी। लौटते वक्त वह पति के साथ ही बैठी थी। पुलिस अब दम्पती के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular