टोक्यो (हि.स.)।टोक्यो ओलंपिक की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। मनु भाकर और राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में पहुँचने से चूक गईं हैं।
प्रिसीजन दौर के बाद 292 स्कोर करके मनु कुल पांचवें नंबर पर थीं, लेकिन रैपिड दौर के बाद कुल 582 स्कोर करके 15वें स्थान पर रही। रैपिड दौर में उनका स्कोर 290 रहा।
वहीं, ओलंपिक से ठीक पहले क्रोएशिया में विश्व कप में इसी स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतने वाली राही ने प्रिसीजन में 287 और रैपिड में 286 स्कोर किया, जिसके जिसके बाद वह कुल 573 के स्कोर के साथ 32वें स्थान पर रहीं।
बुल्गारिया की अंतोआनेता कोस्तादिनोवा ने 590 स्कोर करके पहला स्थान हासिल किया। चीन की जियारूइशुआन 587 के स्कोर के साथ दूसरे और रूसी ओलंपिक समिति की वितालिना बी 586 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं।
भारत के 15 सदस्यीय निशानेबाजी दल में से अभी तक सिर्फ सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल) फाइनल्स में जगह बना सके, लेकिन क्वालीफिकेशन में शीर्ष रहने के बाद फाइनल में 7वे नम्बर पर रहे।
