Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशटेंट सिटी में पर्यटकों को हर क्षण होगा काशी में होने का...

टेंट सिटी में पर्यटकों को हर क्षण होगा काशी में होने का एहसास,सुरक्षा भी रहेगी चौकस

परिसर में पर्यटकों के लिए वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा भी मिलेगी

वाराणसी (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में गंगा उस पार बन रही टेंट सिटी में पर्यटकों को खास अहसास होगा। टेंट सिटी में जहां उन्हें पंचसितारा होटलों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं,धर्म नगरी में होने का हर क्षण एहसास होगा। टेंट सिटी में सभी तंबुओं के आगे त्रिशूल के साथ डमरू लगाया गया है। टेंट सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी खास इंतजाम किया गया है। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस की यहां अस्थायी चौकी खुलेगी। पुलिस चौकी में इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और चार हेड कांस्टेबल की तैनाती होगी। सभी की आठ-आठ घंटे की तीन पाॅलियों में ड्यूटी लगेगी। पेट्रोलिंग और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अस्थायी पुलिस चौकी पर होगी। परिसर में सीसी कैमरे का जाल बिछाया जा चुका है। परिसर में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां ठहरने वाले पर्यटकों की 24 घंटे की निगरानी होगी। टेंट सिटी के पर्यटक और अन्य लोग गंगा पार रेत पर अलग अलग रहें,इसके लिए अच्छी बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। टेंट सिटी तक जाने के लिए नमो घाट (खिड़कियाघाट) पर प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। सैलानियों को पहले नमो घाट आना होगा, फिर नाव से काशी की अद्भुत छटा निहारते हुए गंगा पार टेंट सिटी तक जाया जा सकेगा। इसके लिए मोटरबोट के इंतजाम भी किए गए हैं। टेंट सिटी में 136 टेंट लगेंगे। इसमें भव्य और आलीशान आठ प्रेसिडेंशियल टेंट होंगे। लगभग 900 वर्गफुट के ये टेंट डुप्लेक्स वाले होंगे। इसका एक दिन का किराया 39 हजार रुपये होगा। सिटी में 24 रॉयल विला बनाया गया हैं। जिनमें दो लोगों का एक दिन का खर्च 29000 रुपये है। इसके बाद प्रीमियम टेंट पचास बनाया जा रहा है। इसका किराया 20 हजार रुपये प्रतिदिन रखा गया है। डीलक्स टेंट 48 बनाया गया है। इसका एक दिन का किराया 15000 रुपये रखा गया है। परिसर में पर्यटकों के लिए वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा रहेगी। यहां स्पीड बोट, बनाना बोट, ऑल टैरेन मोटरसाइकिल (एटीवी) सहित अन्य तरह की खेल की सुविधाएं भी होंगी।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular