Wednesday, January 14, 2026
Homeस्वास्थ्यटीबी अब असाध्य रोग नहीं, दवा और संतुलित आहार से हो रहा...

टीबी अब असाध्य रोग नहीं, दवा और संतुलित आहार से हो रहा ठीक : डाॅ. वेद प्रकाश

-‘टीबी हारेगा देश जीतेगा’ थीम के साथ एनएसएस का शिविर आयोजित

लखनऊ (हि.स.)। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के पल्मोनरी एंड क्रिटिकल केयर यूनिट के विभागाध्यक्ष डा. वेद प्रकाश ने सोमवार को यहां कहा कि टीबी अब असाध्य रोग नहीं बल्कि ठीक होने वाला रोग है। उन्होंने बताया कि यह वंशानुगत बीमारी भी नहीं है।

डाॅ. वेद प्रकाश आज यहां नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेन्द्र नगर लखनऊ के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित शिविर के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह आयोजन राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ‘टीबी हारेगा -देश जीतेगा’ थीम के साथ आयोजित किया गया।

इस अवसर पर डा. वेद प्रकाश ने वैदिक काल से लेकर आज तक के तपेदिक यानि क्षय रोग के इतिहास पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि टीबी अब असाध्य रोग नहीं है। यह ठीक होने वाला रोग है। इसके लिए डाट्स सहायता केन्द्र संचालित किये जाते हैं।

प्रोजेक्टर के माध्यम से उन्होंने छात्राओं को क्षय रोग के विषय में बताया कि यह वंशानुगत बीमारी भी नहीं है। वर्ष 1944 तक इस बीमारी की कोई दवा नहीं थी, लेकिन बाद में दवाओं के विकास के साथ ही संतुलित भोजन, नर्सिंग केयर और स्वच्छ वातावरण पर ध्यान दिया गया, जिससे इस पर अब नियंत्रण हो गया है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा क्षय रोग को आपातकाल की बीमारी घोषित किया गया था।

डा. वेद प्रकाश ने बताया कि टीबी से हर साल चार लाख मौतें होती हैं। विश्व के 27 प्रतिशत तपेदिक के रोगी भारत में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एड्स और कोरोना महामारी सर्वाधिक तपेदिक रोगियों को प्रभावित करती हैं।

बताया कि पहले 2017 तक तपेदिक के नियंत्रण की बात की जाती थी, किन्तु अब भारत सरकार पूरी तरह से इसके उन्मूलन का कार्यक्रम चला रही है। तपेदिक के लक्षणों और उनके उपचार पर भी उन्होंने छात्राओं को जागरूक किया। छात्राओं के सवालों का प्रश्नोत्तरी के माध्यम से उन्होंने समाधान भी किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य डॉ. सृष्टि श्रीवास्तव ने किया। मुख्य अतिथि का परिचय डाॅ. नेहा अग्रवाल ने प्रस्तुत किया। संचालन एवं विषय प्रवर्तन डाॅ. वन्दना द्विवेदी द्वारा किया गया तथा डाॅ. नीतू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग नियंत्रण केन्द्र से रामजी वर्मा एवं अभय चन्द्र मित्रा के नेतृत्व में टीम उपस्थित रही। राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. नीतू सिंह, डाॅ. नेहा अग्रवाल, डाॅ. प्रतिमा घोष एवं डाॅ. वन्दना द्विवेदी समेत तमाम लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular