Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशटीकाकरण में उत्तर प्रदेश नम्बर-वन, वैक्सीनेशन 10 करोड़ के करीब

टीकाकरण में उत्तर प्रदेश नम्बर-वन, वैक्सीनेशन 10 करोड़ के करीब

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की 53.74 प्रतिशत आबादी ने कोरोना टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। अब तक आठ करोड़, 08 लाख लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इसी प्रकार, एक करोड़, 79 लाख लोगों ने टीके की दोनों खुराक ले ली है। इस तरह प्रदेश में कुल वैक्सीनेशन 09 करोड़, 88 लाख से अधिक हो चुका है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। इसी तरह सैंपल जांच में भी उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर है।

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान 02 लाख, 20 हजार, 745 सैम्पल की टेस्टिंग में 28 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 24 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। अब तक 16 लाख, 86 हजार, 668 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। इसके एक दिन पहले हुई कोविड टेस्टिंग में 63 ज़िलों में संक्रमण का कोई भी नया केस नहीं मिला। वर्तमान में 189 कोरोना संक्रमितों का उपचार हो रहा है। प्रदेश के 28 जिलों में कोरोना का कोई भी सक्रिय मरीज नहीं है। अब तक 07 करोड़, 73 लाख, 65 हजार, 923 सैम्पल की जांच की जा चुकी है। यह देश के किसी एक राज्य में हुई सर्वाधिक टेस्टिंग है।

सहगल के मुताबिक, औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहें हैं। अब पॉजिटिविटी दर 0.01 फीसदी से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है। अद्यतन स्थिति के अनुसार प्रदेश के जिन 28 जनपदों में कोई मरीज नहीं है, उनमेंअमरोहा, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बांदा, बहराइच, बिजनौर, फर्रुखाबाद, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, महोबा और मीरजापुर शामिल हैं। इसी तरह मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, संतकबीरनगर, शाहजहांपुर, शामली, श्रावस्ती, सीतापुर और सुल्तानपुर में भी कोरोना का कोई मरीज नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular