Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशटिकट लेकर पहुंचे दयाशंकर सिंह बोले, बलिया को मुंबई बनाएंगे

टिकट लेकर पहुंचे दयाशंकर सिंह बोले, बलिया को मुंबई बनाएंगे

बलिया (हि. स.)। बलिया नगर से भाजपा प्रत्याशी बनने के बाद पहली बार पहुंचे दयाशंकर सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में हमलोग बलिया को मुम्बई बना देंगे। इसके पहले बलिया पहुंचने पर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को बलिया नगर से अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि बलिया नगर से फिलहाल विधायक और मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल को बैरिया का प्रत्याशी घोषित किया गया है। भाजपा के दोनों प्रत्याशी पूरे लाव लश्कर के साथ बुधवार को बलिया पहुंचे। नगर में प्रवेश करते ही भाजपा समर्थकों ने दोनों का जोरदार स्वागत किया। अपने स्वागत से अभिभूत दयाशंकर सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। मैं कह सकता हूं कि 2022 में बलिया की सभी सातों सीटों पर बीजेपी जीतेगी। एक सवाल के जवाब में दयाशंकर सिंह ने कहा कि यहां के वर्तमान विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने बहुत कार्य कराया है। उनके अधूरे कार्यों को पूरा कराऊंगा। चुनाव जीतने के बाद विकास की गंगा बहेगी। बलिया को मुंबई बना दिया जाएगा। दयाशंकर सिंह के साथ ही आए आनंद स्वरूप शुक्ल अपने काफिले के साथ बैरिया की ओर रवाना हो गए। बैरिया जाने से पहले उन्होंने कहा केन्द्र और प्रदेश की सरकार में जो भी कार्य हो रहे हैं, देश को मजबूत करने के लिए हो रहे हैं। कर्नाटक हिजाब प्रकरण पर कहा कि यह सब नक्सली करा रहे हैं। ये लोग देश को कमजोर कर रहे हैं, ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। जनता यह सब देख रही है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular