आगरा (हि.स.)। आगरा में झूठी शिकायत लेकर पहुंचे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। झूठी शिकायत लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे युवक को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। युवक पर एक महिला ने छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है।
आगरा जनपद में आज मंगलवार को झूठी शिकायत लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे युवक को पुलिस कमिश्नर द्वारा गिरफ्तार कराया गया है। जानकारी के अनुसार खेरागढ़ के पटपड़गंज निवासी बिजो उर्फ ब्रजेश के खिलाफ थाना खेरागढ़ में दो दिन पूर्व एक महिला ने छेड़छाड़ और मारपीट किये जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने ब्रजेश पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और मारपीट किये जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में आरोपी को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी।
इस मामले में वादी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की नीयत से आरोपी पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा था। आरोपी ब्रजेश वादी पक्ष पर उसकी पत्नी के साथ मारपीट किये जाने की शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचा था। पुलिस कमिश्नर ने उसके बारे में जानकारी लेने के लिए थाना खेरागढ़ से जानकारी ली तो तब आरोपी की पोल खुल गई। दरअसल आरोपी की पत्नी कुछ दिन पहले बाइक से गिरकर घायल हुई थी। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर आरोपी को थाना खेरागढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्रीकांत
