वाराणसी(हि.स.) । आशापुर स्थित झुनझुनवाला पशु आहार फैक्ट्री के कार्यालय में बुधवार को लगी भीषण आग में दस्तावेज सहित 10 कंप्यूटर और एयर कंडीशन जल कर खाक हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लगभग 45 मिनट के परिश्रम के बाद आग पर काबू पा लिया।
सारनाथ क्षेत्र के आशापुर में उ्द्यमी दीनानाथ झुनझुनवाला का पशु आहार की फैक्ट्री और कार्यालय है। कार्यालय में सुबह आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई । जब तब आग पर काबू पाया जाता तब तक लाखों का सामान जलकर राख हो गया। इसमें ऑफिस में रखे एसी, कूलर और कंप्यूटर सहित दस्तावेज भी शामिल है। कार्यालय में आग लगने की जानकारी पर लोग सोशल मीडिया पर जमकर चुटकी लेते रहे। दरअसल उद्यमी के कारखाने में लगभग प्रति वर्ष संदिग्ध परिस्थिति में आग लग जाती है। क्षेत्रीय लोगों का भी कहना है कि कारखाने में आग कैसे लगती है, इसकी जानकारी भी नहीं होती और सारा दस्तावेज जल जाता है। बिजली का बिल प्रबंधन के स्तर न जमा किए जाने पर कनेक्शन काफी समय पहले ही विभाग ने काट दिया था। कार्यालय में बिजली की आपूर्ति बड़े जनरेटर से की जाती है।
श्रीधर
