झांसी (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद सियासी पारा रंग दिखाने लगा है। टिकट बेचने का आरोप लगाकर नाराज कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जमकर बवाल काटा। इस मौके पर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे लगाए।
भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य पद पर पार्टी सिम्बल से प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। टिकट को लेकर पार्टी कार्यालय पर लंबी कतार लगी है। लगभग दो दर्जन कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और आरोप लगाया कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बजाय रुपये लेकर दूसरों को टिकट बेचे जा रहे हैं। जिला पंचायत चुनाव के टिकट बेचे जाने के आरोपों को लेकर भाजपा कार्यालय पर जमकर हंगामा हुआ।
नाराज कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर रुपये लेकर अपने चहेतों को टिकट दिलाने और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने जिलाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं पर पैसे लेकर टिकट बांटन का आरोप लगाया। जिला उपाध्यक्ष अल्पना राजपूत व पूर्व मण्डल अध्यक्ष प्रह्लाद राजपूत ने कहा कि कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ते हुए रुपये लेकर टिकट बेचे जा रहे हैं।
