झांसी(हि.स.)। टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेकाबू कार नदी में जा गिरी। हादसे में साले और बहनोई की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, थाना मऊरानीपुर के धकरवारा निवासी मुदित तिवारी गुरसराय के रहने वाले सतन कुमार अग्रवाल की गाड़ी चलाता था। गुरुवार की शाम को मुदित अपने बहनोई बल्लन के साथ टोड़ी फतेहपुर निवासी मित्र के घर आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए गये थे। अधिक रात होने के चलते वह लोग शुक्रवार को कार से वापस घर लौट रहे थे, तभी टोड़ीफतेहपुर के पास अचानक राजापुर मोड़ पर कार असंतुलित होकर सीधे पथराई नदी में जा गिरी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी है। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
