लखीमपुर खीरी (हि.स.)। संचारी रोगों को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करने ज्वाइंट डायरेक्टर स्वास्थ्य भवन लखनऊ डॉ संजय तेवतिया सोमवार को जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल पहुंचे। जहां उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट और डेंगू वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश अधीनस्थों को दिए।
एसीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य भवन लखनऊ से आए डॉ संजय तेवतिया ज्वाइन डायरेक्टर स्वास्थ्य भवन लखनऊ द्वारा सोमवार को जिला अस्पताल मोतीपुर ओयल में बने ऑक्सीजन प्लांट का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने बाद में डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट की सभी पाइपलाइन और ऑक्सीजन की सप्लाई के व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद वह डेंगू वार्ड पहुंचे। जहां पर मरीजों से उन्होंने मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान मरीजों ने बताया कि उन्हें दवा और भोजन इत्यादि सभी सेवाएं लगातार मिल रही हैं। अस्पताल में डेंगू के संभावित 14 मरीज वार्ड में भर्ती थे। यहां की कुल क्षमता 30 बेड की है। इन मरीजों की प्लेट्लेस कम थी और उनका इलाज चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने मरीजों के बेडो पर लगी मच्छरदानी सहित साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी आवश्यक दवाओं की आपूर्ति रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एआरबी वैक्सीन की उपलब्धता जानी, तो उन्हें बताया गया कि वर्तमान समय में 300 वायल मौजूद हैं।
ज्वाइन डायरेक्टर ने बताया कि संक्रामक रोगों के प्रकोप से बचने के लिए लोगों को साफ-सफाई रखने की जरूरत है। वहीं घर के आसपास पानी इकट्ठा ना होने दें। पूरे बदन को कपड़ों से ढककर रखें। वहीं चप्पलों की जगह मोजे और जूतों का इस्तेमाल करें। अगर किसी को भी बुखार के साथ उल्टी, दस्त या शरीर पर कहीं भी लाल चकत्ते दिखाई देते हैं तो तुरंत ही डेंगू की जांच कराएं और चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें। पानी सहित तरल आहार अधिक लें और अधिक से अधिक आराम करें। साथ ही उन्होंने कहा कि अपने घरों में खाली पड़े कूलरों, गमलों और अन्य समान में अगर पानी जमा है तो उसे फेंक दें। जहां से पानी निकाला नहीं जा सकता है वहां मिट्टी का तेल या जला हुआ मोबील डाल दें। जिससे डेंगू का लारवा पनप नहीं पाएगा, क्योंकि यह साफ पानी में पनपता है।
इस दौरान उनके साथ प्रभारी सीएमएस डॉ आईके रामचंदानी, डब्ल्यूएचओ से डॉक्टर विकास सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
देवनन्दन
