Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशज्ञानवापी मस्जिद में शनिवार से शुरू होगा सर्वे,डीएम ने दोनों पक्षकारों संग...

ज्ञानवापी मस्जिद में शनिवार से शुरू होगा सर्वे,डीएम ने दोनों पक्षकारों संग की बैठक

वाराणसी(हि.स.)। ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे मामले में सिविल जज सीनियर डिवीजन रवि कुमार दिवाकर की अदालत के सख्त तेवर के बाद जिला प्रशासन सर्वे को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए पूरी तैयारी में जुटा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने सभी पक्षकारों के साथ शुक्रवार एडीसीपी काशी के कार्यालय में बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने वादी और प्रतिवादी पक्ष के पक्षकारों से सर्वे में सहयोग करने,शान्ति और सौहार्द बनाये रखने में सहयोग देने की अपील की। इस संबंध में जिलाधिकारी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि 12 मई को न्यायालय का एक फैसला आया है, जिसमें कमीशन की कार्रवाई 8 से 12 बजे तक कराने के लिए कहा गया है।

उन्होंने बताया कि कमीशन की कार्रवाई शनिवार से शुरू होगी। दोनों पक्षों के साथ सौहार्द पूर्ण माहौल में बैठक हुई है। जिसमें पक्षकारों से अपील की गई हैकि कोर्ट कमिश्नर की जो कार्रवाई होनी है उसमे सभी सहयोग प्रदान करें । इसके पूर्व चेतगंज स्थित एसीपी ऑफिस में बैठक हुईं । जिसमें हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोगों से शांति व्यवस्था भंग न करते हुए प्रशासन के साथ सहयोगी करने की अपील की गई। बताते चलें कि ज्ञानवापी के सर्वे मामले में अदालत ने 17 मई को रिपोर्ट मांगी है। यह भी कहा है कि सर्वे चाहे ताला खुलवाकर हो या ताला तोड़कर हो, इसे रुकना नहीं चाहिए। कमीशन कार्यवाही के स्थल पर वादी, प्रतिवादी, अधिवक्तागण, एडवोकेट कमिश्नर, उनके सहायक व कमीशन कार्रवाई से संबंधित व्यक्तियों को छोड़ कर अन्य कोई बाहरी व्यक्ति नहीं शामिल हो सकेगा। कमीशन की कार्रवाई में बाधा नहीं आनी चाहिए।

-सिविल जज सीनियर डिवीजन ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई

ज्ञानवापी सर्वे मामले में फैसला देने के दौरान सिविल जज सीनियर डिवीजन रवि कुमार दिवाकर ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आदेश में लिखा है कि साधारण से मामले को असाधारण बनाकर डर का माहौल बना दिया गया है। डर इतना है कि मेरे परिवार को लगातार मेरी और मुझे परिवार की चिंता बनी रहती है। न्यायाधीश ने लिखा है कि घर से बाहर होने पर बार-बार पत्नी मेरी सुरक्षा के लिए चिंतित रहती है। 11 मई को मेरी मां ने मेरी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। शायद उन्हें मीडिया से पता चला था कि मैं कमिश्नर के रूप में ज्ञानवापी जा रहा हूं। मुझे मां ने मना भी किया कि मैं कमीशन में न जाऊं, क्योंकि वहां मेरी सुरक्षा को खतरा हो सकता है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular