जौनपुर (हि.स.)। खेतासराय थाना क्षेत्र में नगर स्थित पोस्ट आफिस मोहल्ले से सटे गेहूं के खेत में मंगलवार की दोपहर बाद ट्रांसफार्मर की चिनगारी से आग लग गई। जिसमें डेढ़ दर्जन से अधिक किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जबतक अग्निशमन दल पहुंचता तबतक लगभग 25 बीघे फसल जलकर राख हो चुकी थी।
पोस्ट आफिस मोहल्ले की आबादी से सटे खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से निकली चिनगारी से गोलाबाजार मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश यादव के गेहूं के खेत में गिरी। चिनगारी ने उनकी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आग खेतासराय जौनपुर रेलवे लाइन के किनारे तक पहुंच गई। लोगों को बुझाने का मौका तक नहीं मिला।
फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ लोगों ने निजी ट्यूबवेल चलाकर आग बुझाने की कोशिश की। वहीं, पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना में नगर के ओमप्रकाश यादव, बृजेश, राम अचल, शोभनाथ, सुखराम, पारस, सुरेश यादव, लालचंद, दिवाकर यादव, जीयालाल, अच्छेलाल, धर्मेंद्र, शिवधारी, राम अवध, जवाहिर, लालजी कन्नौजिया, राजेन्द्र यादव समेत डेढ़ दर्जन से अधिक किसानों की साल भर की मेहनत की कमाई पल भर में आग के हवाले चली गई।
