जौनपुर (हि.स.)। सिकरारा थाना क्षेत्रान्तर्गत कुकरिहांव गांव में शौचालय बनाने के विवाद में चचेरे भाई ने दो सगी बहनों की गड़ासे काटकर हत्या कर दी। सीओ सदर रणविजय सिंह थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिकरारा थाना क्षेत्र के कुकरिहांव गांव में दो भाई शिवशंकर पांडेय और रमाशंकर पांडेय के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। गुरुवार सुबह घर से तकरीबन 50 मीटर की दूरी पर रमाशंकर पांडेय शौचालय का निर्माण करा रहे थे। शिवशंकर पांडेय ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों भाइयों में वाद-विवाद होने लगा। दोनों परिवारों के लोग वहां इकट्ठा हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे।
रमाशंकर पांडेय के बेटे आशीष पांडेय ने गड़ासे से हमलाकर शिवशंकर की बेटी पूर्णिमा पांडेय और अंतिमा पांडेय की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी आशीष फरार हो गया। हत्या की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी रणविजय सिंह सिंह थाने की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है। दो हत्याओं के बाद से गांव में एहतियातन भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
क्षेत्राधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
