Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजौनपुर : ऑक्सीजन की कमी से पिता की मौत, संक्रमित इंजीनियर बेटे...

जौनपुर : ऑक्सीजन की कमी से पिता की मौत, संक्रमित इंजीनियर बेटे ने ट्रेन से कटकर जान दी


जौनपुर । कोरोना संक्रमण के बाद ऑक्सीजन की कमी से पिता की मौत के बाद संक्रमित बेटे ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। इंजीनियर बेटा पिता की मौत से इतना हताश हो गया कि मंगलवार को गांव के करीब बेगमपुरा एक्सप्रेस से कटकर आत्महत्या कर ली। उसके बैग से मिले सुसाइट नोट से उसके आत्महत्या के कारणों की जानकारी हो पायी। इंजीनियर की मां भी कोरोना संक्रमण के चलते घर में ही आइसोलेट हैं।
जानकारी के मुताबिक बक्शा थाना क्षेत्र के बेलापार गांव निवासी सेवानिवृत्त बीडीओ और सपा के ब्लाक अध्यक्ष धर्मराज यादव की तबीयत खराब चल रही थी। कोरोना संक्रमण के चलते आक्सीजन के अभाव में धर्मराज की मौत हो गयी। पत्नी शारदा देवी की तबीयत अभी भी संक्रमण के चलते खराब है। धर्मराज के दो बेटों में बड़ा ललित यादव घर पर रहता है। छोटा बेटा 35 वर्षीय अमित यादव दिल्ली में इंजीनियर था। पिता की मौत की खबर सुनकर अमित बैग में लैपटाप रखकर घर के लिए ट्रेन से चल दिया था। इसी दौरान बड़े भाई ललित से एक बार मोबाइल पर बात हुई। उसके बाद मोबाइल स्विच आफ हो गया। इधर इंस्पेक्टर वशिष्ठ यादव ने बताया कि अमित बक्शा स्टेशन पहुंच स्टेशन मास्टर से लखनीपुर गांव का लोकेशन पूछ कोई ट्रेन आने की बात पूछी इसके बाद रेलवे लाइन पकड़ कर बेलापार गांव की तरफ चल दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अमित लखनीपुर गांव पहुंचा था तभी जौनपुर की तरफ जा रही बेगमपुरा ट्रेन को आता देख अमित ट्रेन की दिशा में ही भागने लगा। ट्रेन से कटकर उसने अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए बैग में मिले कागजात से जानकारी कर परिजनों को सूचना दी। बैग में मिले पत्र में अमित ने आत्महत्या का कारण खुद को कोरोना पॉजिटिव होना बताया। अमित यादव की शादी पिछले वर्ष धूमधाम से हुई थी। छोटे से सुसाइट पत्र में अमित ने पत्र में काल माई वाईफ माधुरी लिखा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular