Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजो लैपटॉप नहीं चला पाता वह प्रदेश का विकास क्या करेगा :...

जो लैपटॉप नहीं चला पाता वह प्रदेश का विकास क्या करेगा : अखिलेश यादव

–गरीबों की जेब काटकर अमीरों की जेब भर रही भाजपा

गोरखपुर(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर से विजय रथ यात्रा की शुरूआत की। गोरखपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने अखिलेश का भव्य स्वागत किया। यहां से विजय रथ पर सवार होकर अखिलेश यादव कुशीनगर के लिए रवाना हुए। कुशीनगर जाने से पूर्व उन्होंने योगी सरकार पर जम कर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह गरीबों की नहीं अमीरों की सरकार है। यह सरकार गरीबों का जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भर रही है। महंगाई से आमजन त्रस्त हो चुका है। युवा बेरोजगार हैं। यहां का विकास नहीं बल्कि नाव का विकास हुआ। शहर बरसात भर पानी से भरा हुआ था। लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं। कोरोना काल में सरकार ने मरीजों को मरने के लिए छोड़ दिया था।

कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में हार से भयभीत है। इसी कारण चुनाव आयोग मतदाताओं के बढ़े व घटे नामों की सूची जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को 2024 की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्हें 2022 में जनता के सवाल का जवाब देना चाहिए। जो मुख्यमंत्री लैपटॉप चलाना नहीं जानते वह प्रदेश क्या चलाएंगे।

रजही मोड़ से विजय रथ यात्रा की शुरुआत हुई। जगदीशपुर में सभा व स्वागत किया गया। इसी क्रम में विजय रथ यात्रा हाटा विधान सभा, रामकोला विधानसभा के कप्तानगंज, खड्डा विधानसभा के पकड़ियार बाजार, नौरंगिया चौराहा, पडरौना में महाराणा प्रताप चौक पहुंची जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत हुआ। अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा रविवार को भी कुशीनगर के कई स्थानेां पर निकलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular