Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजो भी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त होगा उसके विरुद्ध होगी कार्रवाई...

जो भी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त होगा उसके विरुद्ध होगी कार्रवाई : भूपेंद्र सिंह चौधरी

– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले समाजवादी पार्टी में अध्यक्ष की सीट आरक्षित

मुरादाबाद (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि जो भी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त होगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होगी। आतंकी फंडिंग व अन्य देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए गए संगठन पीएफआई पर प्रतिबंध लगने के बाद यह प्रतिक्रिया भाजपा अध्यक्ष ने बुधवार को जिले के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) समेत नौ संगठनों को भारत में पांच साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि देश विरोधी गतिविधियां करने वाले जो भी संगठन हैं, उनके खिलाफ विधि संगत कार्रवाई हम करेंगे। यह हमारे संकल्प में है। चौधरी भूपेंद्र सिंह ने आगे कहा कि जो भी संगठन देश के हित को ध्यान में नहीं रखेंगे, देश में अराजकता फैलाने का काम करेंगे, उनके खिलाफ दंडात्मक व कठोरतम कार्रवाई सरकार करेगी।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी में अध्यक्ष की सीट आरक्षित है। उनके परिवार का सदस्य ही अध्यक्ष बनेगा। डिंपल यादव भी अध्यक्ष बन सकती हैं और धर्मेंद्र यादव भी अध्यक्ष बन सकते हैं। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में गठबंधन की बात पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा गठबंधन जनता से है। हम जनता के सम्पर्क में हैं।

निमित जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular