-कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
मुरादाबाद (हि.स.)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के सफल निर्वाचन हेतु गुरुवार सुबह को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने बताया कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा। मतदान के लिए जनपद में एक सिस्टम के साथ कार्य किया जाएगा। किसी तरह की समस्या है तो जोनल मजिस्ट्रेट अपर जिलाधिकारी नगर से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान करा लें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अनुपमा शांडिल्य ने जोनल मजिस्ट्रेटों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों तथा ईवीएम से वैलट यूनिट एवं कंट्रोल यूनिट जोड़े जाने की प्रक्रिया के संबंध में अवगत कराया।
इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने जोनल मजिस्ट्रेट को बताया कि जोनल मजिस्ट्रेट निर्वाचन के दौरान पूरे परिवार के मुखिया होते हैं। अतः वह हर एक कमजोर बिन्दु पर नजर रखें तथा अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निवर्हन करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेटों पर भी विशेष नजर रखें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टी रवाना होने से आपका कार्य शुरू होता है। सभी जोनल मजिस्ट्रेट सेक्टर मजिस्ट्रेटों का मोबाइल नम्बर अपने पास रखें तथा उनसे अवश्य वार्ता भी करें। कानून व्यवस्था की समस्या है तो उसका समुचित निदान कराना है। आपको फोर्स भी उपलब्ध करायी जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ तालमेल बनाकर रखें तथा अलर्ट होकर अपने दायित्वों का निर्धारण करें।
निमित जायसवाल
