चित्रकूट (हि.स.)। जिला कारागार में बंद कैराना के सपा विधायक नाहिद हसन से 03 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल चित्रकूट पहुंचेगा। जेल में निरूद्ध विधायक से मिलकर प्रतिनिधि मंडल पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेगा।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पत्र जारी करते हुए बताया कि कैराना से पार्टी के विधायक नाहिद हसन जिला कारागार में बंद है। उनसे जेल में हो रहे व्यवहार की जानकारी करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर छह सदस्यीय एक दल को 03 अक्टूबर को उनसे मिलने के लिए भेजा जा रहा है।
इसमें बांदा के बबेरु से विधायक विशंभर सिंह यादव, जालौन के कालपी से विधायक विनोद चतुर्वेदी, चित्रकूट से विधायक अनिल कुमार प्रधान, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर सिंह व निवर्तमान जिलाध्यक्ष चित्रकूट अनुज सिंह यादव शामिल हैं।
यह प्रतिनिधि मंडल तीन अक्टूबर को चित्रकूट जेल में बंद विधायक नाहिद हसन से मिलकर उसकी रिपोर्ट तैयार करेगा और पार्टी अध्यक्ष को देगा। वहीं, निवर्तमान सपा जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने बताया कि योगी सरकार में सपाईयों पर फर्जी मुकदमे लादकर उनका शोषण और उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से प्रदेश की जनता में उबाल है। पार्टी मुखिया के निर्देश पर प्रतिनिधि मंडल सपा के कैराना विधायक नाहिद हसन से मिलकर उनका हाल जानेगें।
कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन सपा विधायक हैं। बीते जनवरी माह में उन्हें गैंगस्टर के मामले में मुजफ्फरनगर जिला कारागार भेजा गया था। नाहिद हसन ने जिला कारागार से ही सपा के टिकट पर कैराना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। तब से वह जिला कारागार में बंद थे। शासन के आदेश पर बीते मंगलवार को नाहिद हसन को जिला कारागर से चित्रकूट जेल शिफ्ट किया गया
रतन
