कानपुर (हि.स.)। जिला कारागार में बंद कानपुर हिंसा के अभियुक्तों की जांच करने प्रशासनिक अफसर जेल पहुंचे। अधिकारियों ने अन्य कैदियों से वार्ता की और पूंछा कि हिंसा के उपद्रवी परेशान तो नहीं कर रहे हैं। इस पर कैदियों द्वारा बताया गया कि ऐसा कुछ नहीं है, सभी लोग जेल के नियमों का पालन कर रहे हैं।
सोशल मीडिया में ऐसी खबरें चल रही थी कि जेल में बंद कानपुर हिंसा के उपद्रवी जेल में भी उपद्रव कर रहे हैं। दूसरे समुदाय के लोगों को परेशान कर रहे हैं। इसको लेकर जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर के निर्देश पर शनिवार को अपर जिलाधिकारी भू-अध्याप्ति सत्येन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी नगर अनुराज जैन और अपर पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार ने जेल पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन बैरकों पर पहुंचे जहां पर उपद्रवी बंद हैं। उनके आस पास बंद दूसरे समुदाय के बंदियों से गहन चर्चा की। पूछा गया कि हिंसा के उपद्रवी परेशान तो नहीं कर रहे हैं। किसी प्रकार का उपद्रव तो नहीं कर रहे हैं।
इस पर बताया गया कि ऐसा कुछ नहीं है सभी लोग जेल के नियमों का पालन कर रहे हैं। किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। अधिकारियों ने दूसरे समुदाय के बंदियों से एक एक करके अलग से बातचीत की। लेकिन किसी ने भी उपद्रव की बात का समर्थन नहीं किया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि उपद्रवियों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी प्रकार ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे दूसरे कैदियों को परेशानी हो। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों के उपद्रव की खबर पूरी तरह से तथ्यहीन साबित हुई है।
अजय/मोहित
