Friday, February 13, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलजेम पोर्टल से सबसे ज्यादा सरकारी खरीद में यूपी तीसरी बार नंबर...

जेम पोर्टल से सबसे ज्यादा सरकारी खरीद में यूपी तीसरी बार नंबर वन

-सरकार की ओर से एमएसएमई के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने ग्रहण किया सम्मान

-इससे पहले 2018 में उप्र को मिला बेस्ट बायर अवार्ड और 2019 में सुपर बायर अवार्ड

-जेम पोर्टल से खरीदारी में गुणवत्ता, पारदर्शिता, मितव्ययिता को मिल रही तरजीह : नवनीत सहगल

लखनऊ (हि.स.)। भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस की नीति उत्तर प्रदेश में रंग ला रही है। इसके चलते राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को सराहा भी जा रहा है। जेम पोर्टल से सबसे ज्यादा सरकारी खरीद में प्रदेश तीसरी बार नंबर वन हुआ है।

इससे पहले भी केंद्र सरकार ने प्रदेश को 2018 में बेस्ट बायर अवार्ड और 2019 में सुपर बायर अवार्ड से सम्मानित किया था। केंद्र सरकार की ओर से वित्त वर्ष 2020-21 में जेम पोर्टल के माध्यम से सबसे अधिक खरीद करने वाले दो राज्यों को पुरस्कार दिया है। इसमें 4611 करोड़ की खरीदारी के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है और 1872 करोड़ की खरीदारी के साथ गुजरात दूसरे स्थान पर है।

जेम की पांचवीं वर्षगांठ पर सीआईआई के नेशनल पब्लिक प्रोक्योरमेंट 2021 को लेकर दो दिवसीय कांक्लेव का आयोजन किया गया था। इस दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से अपर मुख्य सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल ने मंगलवार को यह पुरस्कार वर्चुअली प्राप्त किया।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद नवनीत सहगल ने कहा कि सरकारी खरीद में पारदर्शिता हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में जेम पोर्टल के माध्यम से करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। साथ ही विभागीय खरीदारी में गुणवत्ता, पारदर्शिता, मितव्ययिता को तरजीह दी जा रही है, जिस कारण पोर्टल पर 12,672 सरकारी खरीदार हैं और एक लाख 98 हजार 552 विक्रेता हैं, इसमें 61,809 सूक्ष्म और लघु उद्यमी भी शामिल हैं।

श्री सहगल ने बताया कि इन उद्योगों से सवा दो लाख से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिला है। पिछले सवा चार सालों में सरकारी विभागों ने 12,765 करोड़ रुपए के 5,61,196 आर्डर दिए हैं।

भारत सरकार के सीईओ जेम प्रशांत कुमार सिंह ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी है। साथ ही उन्होंने जेम की तरफ से हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान भारत सरकार में यूपी के नोडल ऑफिसर केसी झा और जेम के चीफ फाइनेंस ऑफिसर राजीव कांडपाल आदि मौजूद थे।

वित्तीय वर्ष 2020-21 में यूपी ने की रिकार्ड 4675 करोड़ की खरीदारी

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता का कहना है कि विभिन्न विभागों ने प्रदेश में जेम पोर्टल से वित्तीय वर्ष 2017-18 में 602 करोड़, वित्तीय वर्ष 2018-19 में 1674 करोड़ और वित्तीय वर्ष 2019-20 में 2401 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जो लगातार बढ़ते हुए वित्तीय वर्ष 2020-21 में कुल 4675 करोड़ की खरीदारी की गई है। इसी तरह वित्त वर्ष 2021-22 में 3363 करोड़ की खरीद की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular