नोएडा(हि.स.)। नोएडा की जेपी विश टाउन सोसायटी में सुरक्षा गार्ड के साथ गाली-गलौच और बदसलूकी करने के मामले की आरोपी भव्य रॉय नामक महिला को थाना सेक्टर 126पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला की गिरफ्तारी गार्ड के एफआईआर दर्ज कराने के बाद हुई है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला सोसायटी गार्ड के साथ गाली-गलौच और बदसलूकी करती नजर आ रही है।
गार्ड से गेट खोलने में देरी हो गई तो कथित तौर पर नशे में धुत महिला ने गालियां देना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया औऱ सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
यह वीडियो 20 अगस्त का बताया जा रहा है। जेपी विश टाउन सोसायटी नोएडा के सेक्टर 128 में है। वायरल वीडियो और गार्ड की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा कि ये महिला सरेआम इस गार्ड से इतनी गुंडागर्दी और गाली गलौच कर रही है। ये किस प्रकार का घटियापन है।इस महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई बहुत ज़रूरी है।
फरमान अली
