– इस साल यानी 2021 में अभी तक 51 बार की जा चुकी है बढ़ोत्तरी
नई दिल्ली (हि.स.)। पेट्रोल और डीजल के दाम में आज एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई। इस महीने के 16 दिनों में अभी तक नौ बार पेट्रोल डीजल के भाव बढ़ाये जा चुके हैं। आज की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में इस साल यानी 2021 में अभी तक 51 बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिस तरह कच्चे तेल की लगातार मांग बढ़ने की वजह से भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमत में राहत मिलने के आसार कम हैं।
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी करने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 25 पैसे प्रति लीटर और डीजल 13 पैसे प्रति लीटर तक महंगा हो गया है। जबकि देश के अलग अलग राज्यों में वैट की दर के हिसाब से पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 22 पैसे से 27 पैसे तक की बढ़ोतरी हो गई है। इसी तरह डीजल की कीमत में भी अलग अलग राज्यों में 12 पैसे से 16 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है।
आज की बढ़ोतरी के बाद राजस्थान के श्रीगंगागनगर में पेट्रोल की कीमत 108 रुपये प्रति लीटर के करीब आ गई है जबकि हनुमानगढ़ में इसकी कीमत 107 रुपये के स्तर को पार कर गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के अनूपपुर, रीवा, बालाघाट और शहडोल में भी पेट्रोल की कीमत 107 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गई है।
आज पेट्रोल और डीजल की कीमत में हुई वृद्धि के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 25 पैसे महंगा होकर 96.66 रुपये प्रति लीटर हो गया। वहीं डीजल का भाव 13 पैसा चढ़कर 87.41 रुपये प्रति लीटर हो गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज की गई बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 102.82 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। जबकि डीजल 94.84 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर आ गया है।
इसी तरह चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 97.91 रुपये हो गई है जबकि डीजल 92 रुपये का स्तर पार करके 92.04 रुपये प्रति लीटर के भाव पर पहुंच गया है। कोलकाता में पेट्रोल का भाव बढ़कर 96.58 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि यहां डीजल 90.25 रुपये प्रति लीटर की दर पर बिक रहा है। बेंगलुरु में आज पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के काफी करीब पहुंच गया है। आज यहां पेट्रोल 99.89 रुपये के भाव पर बिक रहा है, जबकि डीजल 92.66 रुपये की कीमत पर बिक रहा है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पेट्रोल 104.85 रुपये प्रति लीटर के भाव पर पहुंच गया है, वहीं डीजल 96 रुपये का स्तर पार करके 96.05 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर बिक रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 93.88 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 87.81 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। इसी तरह बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल आज 98.73 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.70 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। आज की बढ़ोतरी के बाद झारखंड की राजधानी रांची में पेट्रोल 92.70 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.27 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 103.35 रुपये प्रति लीटर के भाव पर पहुंच गया है, वहीं डीजल 96.43 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। पेट्रोल और डीजल के भाव बढ़ाये जाने के बाद राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 108 रुपये प्रति लीटर के काफी करीब पहुंच गया है। आज यहां पेट्रोल 107.80 रुपये प्रति लीटर और डीजल 100.52 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।
राजस्थान के ही हनुमानगढ़ में भी पेट्रोल 107 रुपये प्रति लीटर का स्तर का पार कर गया है। आज यहां पेट्रोल 107.15 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। इसी तरह मध्य प्रदेश के अनूपपुर में पेट्रोल 107.43 रुपये, रीवा में पेट्रोल 107.16 रुपये, बालाघाट में 107.02 रुपये और शहडोल में पेट्रोल 10.14 रुपये के भाव पर बिक रहा है।
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां जून के शुरुआती 16 दिनों में ही अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमत में 9 बार बढ़ोतरी कर चुकी हैं। आज की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में इस साल यानी 2021 में अभी तक 51 बार बढ़ोतरी की जा चुकी है। इस वजह से पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 12.69 रुपये और डीजल की कीमत में अभी तक प्रति लीटर 13.29 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। 1 जनवरी को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 83.97 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब 12.69 रुपये की छलांग के साथ आज 96.66 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह 1 जनवरी को राजधानी दिल्ली में डीजल की कीमत 74.12 रुपये प्रति लीटर थी जो अब 13.29 रुपये की तेजी के साथ 87.41 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
सिर्फ जून के 16 दिनों में ही दिल्ली में अभी तक पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 2.43 रुपये की और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 2.24 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसके पहले मई के महीने में भी 4 मई से कुल 16 बार पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ाई गई थी। जिसके कारण मई के महीने में राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 3.83 रुपये और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 4.42 रुपये की बढ़ोतरी हो गई थी। इस तरह से सिर्फ 4 मई से लेकर आज 14 जून तक के 44 दिनों में ही राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 6.26 रुपये की और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 6.66 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इस साल अभी तक 51 बार पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी कर चुकी हैं। वहीं इसकी कीमत में सिर्फ चार बार मामूली कटौती की गई है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जनवरी के महीने में 10 बार, फरवरी के महीने में 16 बार, मई के महीने में भी 16 बार और अब जून के महीने में अभी तक 9 बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। वहीं मार्च में तीन बार और अप्रैल में एक बार पेट्रोल व डीजल की कीमत में मामूली कमी की गई थी।
आपको बता दें कि फरवरी के महीने में 27 फरवरी को पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी करने के बाद ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बावजूद 65 दिन तक कोई बढ़ोतरी नहीं की थी। इस दौरान मार्च और अप्रैल को मिलाकर चार बार पेट्रोल डीजल की कीमत में कटौती ही की गई। 27 फरवरी के 66 दिन बाद 4 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमत में साल की 27वीं बढ़ोतरी की गई। 4 मई से लेकर आज तक के 44 दिन में सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 25 बार डीजल और पेट्रोल की कीमत में बढ़ोतरी कर चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिस तरह कच्चे तेल की लगातार मांग बढ़ने की वजह कीमत में उछाल आ रहा है, उससे आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमत में राहत मिलने का आसार काफी कम हैं। हालांकि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर संसद की स्थाई समिति की कल बैठक होने वाली है। माना जा रहा है कि इस बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत को लेकर बड़ी सिफारिश की जा सकती है। स्थाई समिति की बैठक में सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के आला अधिकारियों को भी हालात की जानकारी देने के लिए बुलाया गया है।
