– चार दिन बाद उत्तर प्रदेश में आएगा मानसून, घटेगा तापमान
कानपुर (हि.स.)। समुद्री गतिविधियों की सक्रियता से मानसून धीरे धीरे आगे बढ़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि चार दिन बाद उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे देगा। हालांकि इस बार जुलाई माह में सामान्य बारिश के ही आसार हैं। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मानसून अपने तय समय की ओर आगे बढ़ रहा था लेकिन बंगाल की खाड़ी में वह समुद्री गतिविधियां कमजोर पड़ गईं जो मानूसन को आगे बढ़ाती हैं। इससे इस बार मानसून कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में अब जून माह के अंत में ही आने की संभावना है। इसके बाद जुलाई माह में भी अधिक बारिश नहीं है। जुलाई माह में कानपुर में सिर्फ 11 दिन ही बारिश की संभावना है। इससे लोगों को जुलाई माह में भी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
दो दिनों तक बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले चार दिनों से लगातार तापमान बढ़ रहा है और 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। अभी दो दिनों तक उत्तर पश्चिम हवाओं के चलने तापमान बढ़ेगा। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आएंगी और आसमान में बादल छाएंगे जिससे तापमान गिरेगा।
अजय
