शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
वाराणसी (हि.स.)। जुमे की नमाज के बाद कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन को देख वाराणसी जिला प्रशासन सतर्क है। नमाज के 24 घंटे पूर्व गुरुवार को पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ देर तक बैठक की और उनसे शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की । अफसरों ने धर्मगुरुओं से अपने-अपने क्षेत्र में शांति बहाली के लिए प्रयास करने को कहा। पुलिस आयुक्त के कैंप कार्यालय परिसर मेंं आयोजित बैठक में जुमे की नमाज के तैयारी के बारे में विचार-विमर्श किया गया।
अफसरों ने कहा कि वाराणसी में अब तक अमन चैन कायम है। इसको बरकरार रखने में आप सभी की बड़ी भूमिका है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकसी बढ़ाई गई है। फील्ड के साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कई टीमों को निगरानी में लगाया है। आपत्तिजनक पोस्ट, कमेंट और शेयर कर अशांति फैलाने वालों को चिह्नित करते हुए कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
श्रीधर
