वाराणसी(हि.स.)। जी-20 सम्मेलन को लेकर जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने शनिवार को राइफल क्लब सभागार में जनसहभागिता समिति की बैठक बुलाई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनसहभागिता समिति के नोडल अधिकारियों से उनको आवंटित क्लस्टर के स्ट्रेच में किये गये कार्यों का विवरण तलब किया। इसमें किसी के कार्य संतोषजनक नहीं पाये गये।
जी-20 के निर्धारित 06 रूट को विशेष रूप से तैयार कराने के उद्देश्य से कार्य किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत रूट में दिखने वाले सरकारी और निजी भवनों में से खराब दिखने वाले भवनों को मेन्टेन करना उसकी रंगाई-पुताई, लाइटिंग, बेकार की लगी होर्डिंग हटाने, हार्टीकल्चर के कार्य कराना, सड़क की स्थिति, नाली की स्थिति, टूटी हुई पटरी की इंटर लॉकिंग, इलेक्ट्रिक के टेढ़े पोल आदि सभी को जांच करके चिह्नित करते हुए संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजकर सुधार कार्य कराना है। प्रतिदिन अधिकारियों को अपने-अपने रूट के स्ट्रेच की जांच करना उसकी रिपोर्ट प्रषित करना है।
जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित अपर आयुक्त व्यापार कर, सहायक आयुक्त, खाद्य (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन), उपायुक्त उद्योग तथा सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) का एक दिन का वेतन काटने और सहायक नियंत्रक बाट-माप को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिसकी लापरवाही पाई जाएगी उसके प्रति ज़ीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एडीएम सिटी को निर्देशित करते हुए जी-20 के रूट को एक-एक एडीएम एवं एसीएम को आवंटित कर कार्यों को तीव्र गति से पूरा कराने की जिम्मेदारी दी। मजिस्ट्रेट के साथ नगर निगम के अधिकारी संयुक्त रूप से इन कार्यों को देखेंगे।
श्रीधर
